हजारीबाग के गांधी मैदान में राष्ट्रगान के साथ शुरू हुई छात्र महापंचायत, आर-पार की लड़ाई का ऐलान

लेंस डेस्क। झारखंड के हजारों अभ्यर्थी रविवार को हजारीबाग(Hazaribagh)के गांधी मैदान में जमा हुए। JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच की प्रमंडल स्तरीय छात्र महापंचायत राष्ट्रगान के साथ शुरू हुई। उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के सात जिलों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पहुंचे। मंच ने इसे ‘आंदोलन 2.0’ की शुरुआत बताया।

पिछली बार रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में 26 दिनों तक चले आंदोलन के बाद राज्य सरकार ने सुधार और नियुक्तियों का आश्वासन दिया था। लेकिन तीन महीने बीत जाने के बावजूद मांगें पूरी नहीं हुईं। इसी नाराजगी के चलते छात्र इस बार पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरे हैं। मंच के प्रवक्ता रवींद्र पासवान ने कहा कि अब आर-पार की लड़ाई का मूड है।

महापंचायत में क्या-क्या हुआ ?

महापंचायत में परीक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक, पारदर्शिता, लंबित नियुक्तियां, छात्रवृत्ति और सरकारी वादों पर चर्चा हुई। छात्रों ने ड्रॉप बॉक्स के जरिए अपने सुझाव भी दिए। इन सुझावों को आगे की महापंचायतों में शामिल किया जाएगा।

मंच ने चेतावनी दी कि अगर सरकार मांगें नहीं मानती तो मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। सभी पांच प्रमंडलों में महापंचायतें होंगी। आखिरी और सबसे बड़ी महापंचायत राजधानी रांची में आयोजित की जाएगी।

छात्रों का आक्रोश

महापंचायत में पहुंचे छात्रों ने सरकार पर विश्वासघात का आरोप लगाया। एक छात्रा ने कहा कि वैकेंसी आती है तो बेच दी जाती है और वादे पूरे नहीं किए जाते। इसी वजह से छात्र सड़कों पर आने को मजबूर हैं। मंच का कहना है कि जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षा प्रणाली में ठोस सुधार, समयबद्ध भर्ती कैलेंडर और खाली पदों को भरना उनकी मुख्य मांग है। वे सीआईडी जांच को सीबीआई को सौंपने की भी मांग कर रहे हैं। हजारीबाग की इस महापंचायत के बाद छात्र आंदोलन राज्यव्यापी रूप लेने की ओर बढ़ रहा है। अब देखना होगा कि सरकार छात्रों की मांगों पर क्या रुख अपनाती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now