रायपुर। रायपुर जिले के धरसींवा विकासखंड अंतर्गत नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक आवास कॉलोनी को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। अब पूर्व मंत्री एवं रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने और यथास्थिति बनाए रखने की मांग की है।
7 जुलाई को लिखे पत्र में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि खसरा नंबर 460, रकबा 15.4790 हेक्टेयर भूमि पर सरकारी निर्माण के लिए 80 से अधिक परिवारों को हटाने के उद्देश्य से नोटिस जारी किए गए हैं, जिसका ग्राम पंचायत और ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि ग्रामीण इस भूमि को छोड़ने के बजाय परियोजना को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग कर रहे हैं।
पत्र में दावा किया गया है कि संबंधित भूमि ग्राम पंचायत और ग्रामसभा के निर्णयों के अनुसार वर्षों से सामुदायिक उपयोग, चरागाह और ग्रामीणों के आवास के रूप में प्रयुक्त होती रही है। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों के अलावा सामुदायिक भवन और आंगनबाड़ी केंद्र जैसी सार्वजनिक सुविधाएं भी मौजूद हैं। अग्रवाल ने कहा कि यहां रहने वाले अधिकांश परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और मजदूरी कर अपना जीवनयापन करते हैं।
सांसद ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि ग्रामीणों की आपत्तियों को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए और विवाद के समाधान तक यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए जाएं। उन्होंने मामले में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रभावित परिवारों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की अपील भी की है।










