खड़गे ने पीएम मोदी को पहले कहा आतंकवादी, बाद में अपने ही बयान से पलट गए

April 21, 2026 8:03 PM
Mallikarjun Kharge

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘आतंकवादी’ कह दिया। जब एक रिपोर्टर ने इस बयान के पीछे का संदर्भ पूछा, तो कांग्रेस प्रमुख ने स्पष्ट किया कि उनका मतलब था कि ‘पीएम मोदी लोगों और राजनीतिक दलों को आतंकित कर रहे हैं, और उन्होंने कभी प्रधानमंत्री को आतंकवादी नहीं कहा।’

भाजपा की तरफ से इस बयान की तीखी निंदा की गई और कांग्रेस को ‘अर्बन नक्सल पार्टी’ बताया गया। खरगे तमिलनाडु चुनावों के लिए एआईएडीएमके द्वारा भाजपा को गठबंधन साथी बनाने के फैसले पर सवाल उठा रहे थे, तभी उन्होंने पीएम के लिए ‘आतंकवादी’ शब्द इस्तेमाल किया।

उन्होंने कहा कि ये एआईएडीएमके वाले, जो खुद अन्नादुरई की तस्वीर लगाते हैं, वे मोदी के साथ कैसे जुड़ सकते हैं? वह आतंकवादी है। उनकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करती। ये लोग उनके साथ जुड़ रहे हैं, इसका मतलब है कि वे लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं, वे अन्नादुरई, कामराज, पेरियार, कल्याणर, बाबासाहेब आंबेडकर की विचारधारा को कमजोर कर रहे हैं।

मल्लिकार्जुन खरगे से पूछा गया कि क्या आप कृपया अपने बयान को संदर्भ में रख सकते हैं? तो खरगे ने अपने बयान को स्पष्ट करते हुए कहा, ‘नहीं, नहीं… वे लोगों और राजनीतिक दलों को आतंकित कर रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि वे आतंकवादी हैं। मेरा मतलब, मैं स्पष्ट करना चाहता हूं, कि मोदी हमेशा धमकी देते रहते हैं। ईडी, आई-टी और सीबीआई जैसे संस्थान उनके हाथ में हैं। वे डेलिमिटेशन को भी अपने हाथ में लेना चाहते हैं। इसलिए मैंने उस संदर्भ में कहा कि वे लोगों और राजनीतिक दलों को आतंकित कर रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि वे आतंकवादी हैं।’

भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि कांग्रेस एक ‘अर्बन नक्सल’ पार्टी है, इसलिए खड़गे प्रधानमंत्री के खिलाफ गाली-गलौज वाली भाषा का इस्तेमाल करते हैं। यह पहली बार नहीं हुआ है। बार-बार विषैली बयानबाजी, यहां तक कि मौत की धमकियां देने से एक बात साफ है कि कांग्रेस पार्टी का ‘रिमोट कंट्रोल’ राष्ट्र-विरोधी ताकतों के हाथ में है।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने इसे प्रधानमंत्री का अपमान बताते हुए कांग्रेस से माफी मांगने की मांग की। पीयूष गोयल ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘मुझे शर्म आती है कि कांग्रेस और डीएमके इतने नीचे गिर गए हैं कि वे भारत की जनता द्वारा लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहकर उनका अपमान कर रहे हैं। राहुल गांधी और एमके स्टालिन को प्रधानमंत्री के साथ-साथ भारत की जनता का यह सीधा अपमान करने के लिए माफी मांगनी चाहिए।’

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस और डीएमके ने इस बयान से 140 करोड़ भारतीयों, जिनमें 8 करोड़ तमिल भाई-बहन भी शामिल हैं, का अपमान किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now