चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ से धान की फसल को नुकसान, टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री से मांगा मुआवजा, खरीदी की तारीख बढ़ाने की मांग

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ (Akvan) से किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है। 23 नवंबर को लिखे पत्र में उन्होंने प्रभावित इलाकों में दोबारा सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा देने, धान खरीदी की अंतिम तारीख 15 फरवरी तक बढ़ाने और फसल बीमा की रकम जल्द दिलाने की मांग की है। सिंहदेव के मुताबिक, 18 नवंबर और उसके बाद दो-तीन दिनों तक हुई बेमौसम बारिश और खराब मौसम से धान के साथ सब्जियों की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

धान की 70 फीसदी खड़ी फसल प्रभावित होने का दावा

सिंहदेव ने पत्र में कहा है कि तूफान आने तक केवल 30 फीसदी धान की कटाई और मिसाई हो पाई थी, जबकि करीब 70 फीसदी फसल खेतों में खड़ी थी। इसके अलावा कटाई के बाद खेतों और खलिहानों में मिसाई के लिए रखा धान भीगकर खराब हो गया। उनका आरोप है कि किसानों से मिली जानकारी के अनुसार विभागीय सर्वे में नुकसान शून्य दिखाया जा रहा है, जबकि वास्तविक स्थिति अलग है। उन्होंने आशंका जताई कि बीमा कंपनियों के दबाव में ऐसा किया जा रहा है। सिंहदेव ने निष्पक्ष सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

धान खरीदी 15 फरवरी तक बढ़ाने की मांग

पत्र में कहा गया है कि पटवारी हड़ताल, उपार्जन केंद्रों के फड़ गीले होने और खरीदी नीति के तहत केवल 17 फीसदी तक नमी वाले धान की खरीदी की व्यवस्था के कारण किसानों को परेशानी हो रही है। इसके अलावा AgriStack पंजीयन और डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) में हुई गलतियों से भी आगामी दिनों में खरीदी प्रभावित होने की आशंका है। सिंहदेव ने इन परिस्थितियों को देखते हुए धान खरीदी की समय सीमा बढ़ाने का आग्रह किया है।

सब्जियों की फसलों का भी नुकसान, बीमा भुगतान में देरी का आरोप

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बेमौसम बारिश से टमाटर, गोभी वर्गीय सब्जियों, खीरा और लौकी जैसी उद्यानिकी फसलों को भी नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार से नुकसान का जल्द आकलन कर उद्यानिकी किसानों को मुआवजा देने की मांग की है।

सिंहदेव ने फसल बीमा कंपनियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कई जिलों में निजी बीमा कंपनियों के दबाव में पूरी कृषि भूमि को असिंचित रकबा मानकर इंश्योरेंस किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि किसानों को बिना किसी दबाव के उनकी उपज के मूल्य तक का बीमा क्लेम दिलाने के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories