नई दिल्ली। CM योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती और यूपी कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने गहरा दुख जताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीएम पुष्कर सिंह धामी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, पंकज चौधरी, बृजभूषण शरण सिंह और रवि किशन ने भी संवेदना व्यक्त की। लेकिन इस बात की चर्चा जोरों पर रही कि पीएम मोदी समेत तमाम केंद्रीय नेता अंत्येष्टि कार्यक्रम से नदारद रहे। यहां तक कि एक ट्वीट करने की जहमत भी नहीं उठाई गई।
गृहमंत्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा- ‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी का निधन अत्यंत दुःखद है। मां का जाना जीवन की वह क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं होती। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं योगी जी और समस्त शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।’
उपराष्ट्रपति ने भी जताया शोक
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने लिखा- ‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी, श्रीमती सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं योगी आदित्यनाथ जी एवं उनके समस्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’
सीएम योगी की मां के निधन पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने लिखा- ‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री जी की पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। विनम्र श्रद्धांजलि के साथ उनकी आत्मा की शांति के लिए हम प्रार्थना करते हैं। शोक संतप्त परिजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं।’
वहीं, बसपा सुप्रीमो मायावती ने ‘X’ पर लिखा- ‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ जी की माता श्रीमती सावित्री देवी का आज उनके गांव में निधन हो जाने की खबर अति-दुखद है। उनके परिवार सहित सभी रिश्तेदारों आदि के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।’
यूपी कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने लिखा- ‘मां का चले जाना जीवन का ऐसा गहरा दुःख है, जिसकी रिक्तता कभी पूरी नहीं हो सकती। मुख्यमंत्री जी की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें।’
वही X यूजर जनार्दन मिश्रा के पोस्ट के हवाले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं। जनार्दन मिश्रा के ट्वीट में लिखा है कि “अब यह तय हो गया है कि भाजपा में कुछ भी ठीक नहीं है, खासकर मोदी और योगी के बीच। उन्होंने सवाल किया कि योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर विपक्षी नेता आजम खान तक का बयान आ गया, अमित शाह ने भी थोड़ी देर से ही सही, लेकिन शोक संदेश दिया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हैंडल से एक शोक संदेश तक नहीं आया। उन्होंने यह भी कहा कि अंतिम संस्कार में हजारों आम लोग पहुंचे, लेकिन केंद्रीय मंत्रियों और केंद्रीय संगठन से कोई व्यक्ति नजर नहीं आया। जनार्दन मिश्रा ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के बीच बढ़ती दूरी पर सवाल उठाते हुए इसे आश्चर्यजनक बताया।

हालांकि, कई चैनलों ने यह खबर चलाई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीएम योगी से फोन पर बात की और श्रद्धांजलि अर्पित की है।







