मुंबई। Maharashtra deputy CM Sunetra Pawar: महाराष्ट्र की सियासत में आज एक महत्वपूर्ण बदलाव होने जा रहा है। अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है, जिससे वह राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनेंगी। राजभवन में सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और शाम 5 बजे उनका शपथ ग्रहण समारोह निर्धारित है। यह कार्यक्रम काफी संक्षिप्त होगा, महज 10 मिनट का और मुख्य रूप से सरकारी एजेंसियों को ही अनुमति दी गई है।
बारामती में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए शरद पवार ने स्पष्ट किया कि सुनेत्रा पवार को इस पद पर नियुक्त करने के बारे में उनके साथ कोई बातचीत नहीं हुई। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई प्रस्ताव या अनुरोध उनके पास नहीं पहुंचा है और न ही उन्हें इसकी कोई जानकारी है। उनका कहना था कि यह एनसीपी के उस गुट का फैसला हो सकता है, लेकिन परिवार या उन्हें इसमें शामिल नहीं किया गया।
दोनों एनसीपी गुटों के विलय को लेकर शरद पवार ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से अजित पवार और जयंत पाटिल के बीच सकारात्मक वार्ता चल रही थी। दोनों पक्षों की इच्छा थी कि एनसीपी एक हो जाए और इसकी घोषणा 12 फरवरी को होनी थी। हालांकि, अब इस प्रक्रिया में रुकावट दिख रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि विलय की चर्चाएं बीजेपी में शामिल होने से जुड़ी नहीं थीं। साथ ही, सुप्रिया सुले या रोहित पवार को मंत्री बनाने की अफवाहों को उन्होंने खारिज कर दिया।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी कहा कि एनसीपी जो भी निर्णय लेगी, सरकार और बीजेपी उसका पूरा समर्थन करेंगे। चाहे वह पार्टी का मामला हो या अजित पवार परिवार से जुड़ा, वे हर कदम पर साथ खड़े रहेंगे।
सूत्रों के हवाले से आई मीडिया खबरों के अनुसार, सुनेत्रा पवार जल्द ही राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा देंगी, जिसके बाद उन्हें विधायक दल का नेता चुना जाएगा। उन्हें मुख्य रूप से खेल विभाग और राज्य उत्पादन शुल्क (एक्साइज) की जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। वहीं, वित्त विभाग अभी भी मुख्यमंत्री फडणवीस के पास ही रहेगा, जिसका मतलब है कि आगामी बजट सत्र (जो 20 फरवरी से शुरू होगा) में बजट खुद फडणवीस पेश करेंगे।
एनसीपी के अजित पवार गुट में विलय को लेकर असंतोष की खबरें भी हैं। कई विधायक और मंत्री शरद पवार गुट के साथ किसी भी तरह के विलय के खिलाफ हैं। खासकर सुप्रिया सुले को लेकर नाराजगी जाहिर की जा रही है और गुट अब विलय की चर्चाओं पर पूरी तरह रोक लगाना चाहता है।
बारामती की बैठक में क्या हुआ?

महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों धड़ों के एकीकरण को लेकर शरद पवार ने शनिवार को अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह विलय हो ये अजित पवार की भी इच्छा थी और इसे अवश्य पूरा किया जाना चाहिए।
शरद पवार ने आगे बताया कि अजित पवार, जयंत पाटिल और शशिकांत शिंदे ने दोनों गुटों को मिलाने के लिए बातचीत शुरू की थी। योजना के अनुसार 12 फरवरी को इस एकीकरण की औपचारिक घोषणा होनी थी, लेकिन अफसोस की बात है कि इससे पहले ही अजित पवार का निधन हो गया।
जानकारी के अनुसार, अजित पवार ने 17 जनवरी को बारामती में शरद पवार से मुलाकात की थी, जहां इस मुद्दे पर चर्चा हुई। इस बैठक का वीडियो भी सामने आया था। उसी मुलाकात के महज 11 दिन बाद अजित पवार का विमान हादसा में निधन हो गया।
इसी बीच, शनिवार सुबह शरद पवार के बारामती स्थित आवास पर पवार परिवार की बैठक हुई। इसमें सुप्रिया सुले, रोहित पवार, युगेन्द्र पवार और शरद पवार खुद मौजूद रहे। साथ ही शरद पवार गुट के कुछ अन्य प्रमुख नेता भी इस बैठक में शामिल हुए।











