Kerala Election 2026: केरल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले विपक्षी गठबंधन यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। एर्नाकुलम में आयोजित कार्यक्रम में UDF के नेता और विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन ने यह घोषणापत्र जारी किया। इस मौके पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
घोषणापत्र में UDF ने ‘5+1 गारंटी’ का ऐलान किया है। इसमें सबसे चर्चित वादा कॉलेज जाने वाली छात्राओं को ₹1,000 प्रतिमाह की सहायता देने का है। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के नाम पर ₹25 लाख का स्वास्थ्य बीमा देने की गारंटी भी दी गई है। UDF ने यह भी वादा किया है कि सत्ता में आने पर कल्याणकारी पेंशन को मौजूदा ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000 कर दिया जाएगा।
घोषणापत्र की प्रमुख गारंटियां –
केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) की बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा
कॉलेज छात्राओं को ₹1,000 मासिक सहायता
ओमन चांडी के नाम पर ₹25 लाख का स्वास्थ्य बीमा
कल्याण पेंशन बढ़ाकर ₹3,000 करना
युवा उद्यमियों को ब्याज-मुक्त ऋण
वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग सरकारी विभाग (मंत्रालय) का गठन
सतीशन ने कहा कि यह घोषणापत्र उन पांच गारंटियों पर आधारित है जिनकी घोषणा राहुल गांधी ने हाल ही में ‘पुथु युग यात्रा’ के समापन पर की थी। उन्होंने तेलंगाना मॉडल का हवाला देते हुए कहा कि रेवंत रेड्डी ने सत्ता संभालते ही 100 दिनों के अंदर अपने वादे पूरे किए थे। UDF भी अपने वादों को उसी तेजी से लागू करेगी।
केरल चुनाव का समीकरण
केरल में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है। सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) जिसमें CPI(M) और CPI जैसे वामपंथी दल शामिल हैं, दोबारा सत्ता में आने की कोशिश कर रहा है। वहीं UDF (कांग्रेस के नेतृत्व में) 10 साल बाद सत्ता में वापसी की तैयारी कर रहा है। तीसरी तरफ NDA (भाजपा के नेतृत्व में) भी अपनी मौजूदगी मजबूत करने में लगा है। UDF के इस घोषणापत्र को युवा वोटरों, महिलाओं और बुजुर्गों को लुभाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि इन वादों पर जनता का कितना विश्वास होता है। 9 अप्रैल को चुनाव है और नतीजे 4 मई को आएंगे।











