रायपुर के होटल कारोबारी ने DSP पर लगाए गंभीर आरोप, DSP ने बताया षड्यंत्र

December 12, 2025 7:45 PM

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एक होटल कारोबारी दीपक टंडन ने दंतेवाड़ा में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक (DSP) कल्पना वर्मा पर रिश्वत, ब्लैकमेलिंग, शादी का झांसा और करोड़ों की ठगी जैसे सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। वहीं DSP कल्पना ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार, झूठ और एक सोची-समझी साजिश बताया है।

दीपक टंडन ने आरोप लगाया है कि DSP कल्पना वर्मा ने उन्हें प्यार में फंसाया। डीएसपी ने शादी का झांसा देकर कारोबारी से करीब 2 करोड़ रुपए नगद, 12 लाख रुपए की हीरे की अंगूठी, 5 लाख की सोने की चेन और टॉप्स, 1 लाख का ब्रेसलेट, एक टोयोटा हायराइडर कार ली।

टंडन ने दावा किया है कि यह सब एक साजिश के तहत किया गया, और जब उन्होंने पैसे वापस मांगे, तब उन्हें धमकाया जाने लगा।

DSP कल्पना वर्मा ने बताया कि टंडन ने फर्जी चैट और तस्वीरें बनाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की। वे टंडन के दावों को 100 फीसदी झूठ और पैसा न लौटाने का बहाना बताती हैं।

टंडन पर आरोप कि जब वह कोर्ट केस वापस नहीं ले पाईं, तो झूठे वीडियो-चैट वायरल कर दिए। होटल में दिखे वीडियो पर कहा कि मैं सिर्फ अपना बकाया पैसा लेने होटल गई थी, इसे गलत तरह से पेश किया जा रहा है।

2023 में रायपुर के VIP रोड स्थित रेस्टोरेंट की डील पर विवाद शुरू हुआ।  टंडन ने 30 लाख रुपए कल्पना के पिता के खाते में डाले और बाद में डील कैंसिल कर दी। पैसे वापस मांगने पर कल्पना के परिवार ने टंडन की पत्नी पर चेक बाउंस केस दर्ज करा दिया।

इस एफआईआर को लेकर टंडन दावा कर रहे हैं कि कल्पना रोज घंटों बात करती थी। घर में आना-जाना, घूमना-फिरना, टूर… सब कुछ चलता था। कल्पना ने उन्हें पत्नी को तलाक देने का दबाव बनाया। इससे घर में विवाद बढ़ गया।

टंडन ने पुलिस को वॉट्सऐप चैट, CCTV फुटेज, फोटो और अन्य सामग्री सौंपे हैं। टंडन का आरोप है कि शिकायत वापस न लेने पर DSP ने उन्हें फर्जी केस में जेल भेजने की धमकी भी दी।

रायपुर पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं। जांच में अभी तक यह मामला आपसी लेन-देन के विवाद का पाया गया है। किसी पर FIR अभी दर्ज नहीं है और जांच आगे बढ़ रही है।

दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। DSP इसे षड्यंत्र बता रही हैं। टंडन इसे ठगी और ब्लैकमेलिंग कह रहे हैं।

यह भी पढ़ें : IPS रतन लाल डांगी पर SI की पत्नी ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप, डांगी बोले – महिला कर रही ब्लैकमेल

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 13 वर्षों का अनुभव है। 2022 से दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर के तौर पर काम किया है। इस दौरान स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन खबरें लिखीं। दैनिक भास्‍कर से पहले नवभारत, नईदुनिया, पत्रिका अखबार में 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories