राजधानी में गर्लफ्रेंड पर पेट्रोल डालकर लगाई आग; लोगों ने पहुंचाया अस्पताल, प्रेमी फरार

Raipur

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर (Raipur) में देर रात एक युवक ने अपनी प्रेमिका पर सड़क पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। आग की लपटों में घिरी महिला ने मदद के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया। महिला का इलाज मेकाहारा अस्पताल में जारी है।

घटना माना थाना क्षेत्र की है। पीड़िता की पहचान राजकुमारी साहू, निवासी आरंग के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, राजकुमारी और आरोपी वीरू धीवर के बीच प्रेम संबंध था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। राजकुमारी शादीशुदा है।

एडिशनल एसपी अभिषेक झा ने बताया कि रविवार रात राजकुमारी और वीरू साथ थे। इसी दौरान आरोपी ने महिला पर पेट्रोल डाल दिया और आग लगा दी। महिला आग की लपटों में घिर गई और मदद के लिए चीखने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और आग बुझाई। इसके बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया। उसके शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद वीरू मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता के बयान और अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी के भागने की दिशा और घटना से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके।

वारदात की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना के कारणों और पूरे विवाद की जानकारी सामने आने की बात कह रही है।

एडिशनल एसपी अभिषेक झा ने बताया कि वीरू धीवर और राजकुमारी साहू के बीच वर्ष 2021 से पहले से संबंध थे। इसी साल आरंग थाने में एक मामला भी दर्ज हुआ था। आरोप है कि वीरू ने राजकुमारी की सास पर हमला किया था। इस मामले में हत्या के प्रयास के तहत केस दर्ज किया गया था।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories