महिला बाइक राइडर हिट एंड रन केस, आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार

लेंस न्यूज़। गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने वाले आरोपी कल्याण बैसला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को राजस्थान के दौसा से हिरासत में लिया गया है। पुलिस की टीम उसे गुरुग्राम लाकर पूछताछ करेगी। रविवार 13 सितंबर की सुबह गोल्फ कोर्स रोड पर हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था। वीडियो सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने खुद संज्ञान लेकर सेक्टर-56 थाने में मामला दर्ज किया।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज की जांच की। वीडियो और फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद गुरुग्राम पुलिस की टीम राजस्थान पहुंची और दौसा से कल्याण बैसला को हिरासत में ले लिया। घटना के करीब 48 घंटे बाद यह कार्रवाई हुई।

मामले में बढ़ीं धाराएं

शुरुआत में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (तेज गति से वाहन चलाना) और धारा 125 (चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया था। बाद में वीडियो विश्लेषण के आधार पर हत्या के प्रयास की धारा 109 भी जोड़ दी गई। इस धारा के तहत 10 साल तक की सजा का प्रावधान है।

क्या है पूरा मामला?

पीड़िता सिया (शिवानी चौहान) रविवार सुबह अपने दोस्तों के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर बाइक राइड पर निकली थीं। आरोप है कि एक कार ने उनका पीछा किया और उन्हें रोकने की कोशिश की। जब सिया नहीं रुकीं, तो कार चालक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सिया सड़क पर गिर गईं और उनकी बाइक कई मीटर तक घिसटती चली गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना उनकी बाइक और साथी राइडर के एक्शन कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी जो बाद में वायरल हुआ।

पीड़िता का बयान

सिया ने बताया कि कार पहले बहुत तेजी से और करीब से निकली। फिर ड्राइवर ने खिड़की नीचे करके कुछ कहा और रोकने का इशारा किया। उन्हें लगा कि कार में बैठे लोग नशे में हैं। डर के मारे उन्होंने रफ्तार बढ़ाई, लेकिन आरोपी ने जानबूझकर टक्कर मार दी और भाग गया। सिया ने कहा कि उन्होंने प्रोटेक्टिव गियर पहना हुआ था, इसलिए गंभीर चोटें नहीं आईं। घुटनों पर चोट आई है। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है और कहा कि यह हत्या की कोशिश जैसा मामला है।

पीड़िता के पिता और भाई ने कहा कि आरोपी को सबक मिलना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। आरोपी को गुरुग्राम लाए जाने के बाद पुलिस उससे घटना की वजह, टक्कर मारने का तरीका और फरार होने को लेकर पूछताछ करेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now