गुजरात के सभी मंत्रियों ने क्‍यों दिया इस्‍तीफा?

October 16, 2025 8:46 PM
Gujarat ministers resign

लेंस डेस्‍क। गुजरात में शुक्रवार को मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है। इससे पहले गुरुवार को सभी मंत्रियों ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया। एक वरिष्ठ भाजपा नेता के अनुसार, इस विस्तार में लगभग 10 नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है, जबकि मौजूदा मंत्रियों में से आधे को हटाया जा सकता है।

2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने गुजरात में 156 सीटें जीती थीं। इसके बाद कुछ कांग्रेस विधायक भी भाजपा में शामिल हो गए और उपचुनाव जीतकर विधायक बने, जिससे पार्टी के विधायकों की संख्या बढ़कर 182 में से 162 हो गई।

गुजरात में अगले साल की शुरुआत में स्थानीय निकाय चुनाव और 2027 के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। मंत्रिमंडल विस्तार शुक्रवार सुबह 11:30 बजे होगा। वर्तमान में मुख्यमंत्री समेत 17 मंत्री हैं, जिनमें 8 कैबिनेट स्तर के और 8 स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री हैं। नियमों के अनुसार, 182 सदस्यों वाली गुजरात विधानसभा में अधिकतम 27 मंत्री हो सकते हैं। हाल ही में राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा को केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल की जगह भाजपा की गुजरात इकाई का अध्यक्ष बनाया गया।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि भाजपा इस फेरबदल के जरिए सत्ता विरोधी लहर को कम करने की कोशिश कर रही है। उनका मानना है कि पार्टी पुराने मंत्रियों को हटाकर सरकार की कमियों का ठीकरा उन पर फोड़ना चाहती है।

2022 के चुनाव में भाजपा ने 103 नए चेहरों को टिकट दिया था और 5 मंत्रियों समेत 38 विधायकों के टिकट काटे थे, जिसका नतीजा रिकॉर्ड 156 सीटों के रूप में सामने आया।

पहले नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री रहते हुए भी चुनाव से करीब 15 महीने पहले मंत्रिमंडल बदला जाता था, लेकिन इस बार यह बदलाव पहले हो रहा है।

हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात भाजपा के नेताओं, जिसमें मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे, उनके साथ लंबी चर्चा की थी। इस बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन में नए चेहरों को शामिल करने पर विचार हुआ। सूत्रों का कहना है कि पीएम मोदी चाहते हैं कि नए मंत्री जनता से तुरंत जुड़ें और दिवाली के मौके पर लोगों को शुभकामनाएं दें।

क्या है मंत्रिमंडल गठन का नियम?

गुजरात मंत्रिमंडल में अभी तक मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित 17 मंत्री थे, जिनमें 8 कैबिनेट मंत्री और 8 राज्य मंत्री शामिल थे। 182 सदस्यों वाली विधानसभा में अधिकतम 27 मंत्री हो सकते हैं, जो कुल सदस्यों का 15 प्रतिशत है। इस महीने की शुरुआत में जगदीश विश्वकर्मा को सीआर पाटिल की जगह गुजरात भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया था। भूपेंद्र पटेल ने 12 दिसंबर, 2022 को दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now