अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर (Anuppur) जिले में किसानों ने सरकार के खिलाफ हल्ला बोल दिया है। सोमवार को दोपहर 12 बजे से किसान अपने कृषि यंत्रों के साथ सड़क पर उतर आए हैं। किसान अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विशाल रैली एवं धरना प्रदर्शन कर रहें हैं।
बड़ी संख्या में किसान हाथों में तिरंगा और बैनर लेकर सड़कों पर उतरे हुए हैं साथ ही प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जा रही है। प्रदर्शन में शामिल किसानों ने समर्थन मूल्य, खाद-बीज की व्यवस्था, बिजली समस्या, सिंचाई सुविधाओं और किसानों के हित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
सोमवार को अनूपपुर जिले के किसान समर्थन मूल्य, खाद-बीज की व्यवस्था, बिजली समस्या, सिंचाई सुविधाओं और किसानों के हित से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरे हुए हैं। किसानों ने शहर के प्रमुख मार्गों से रैली निकाली, जहां किसानों ने सरकार और प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाने की कोशिश की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लंबे समय से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कई किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
किसानों का फूटा गुस्सा
धरना स्थल पर किसान नेताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि किसानों को फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा, वहीं बिजली कटौती और सिंचाई संकट ने खेती को प्रभावित किया है। लंबे समय से प्रशासन को ज्ञापन देकर समस्या को सुलझाने की बात कही जा रही थी।
प्रशासन हमें नजर अंदाज कर रहा था। जिसके बाद आज किसानों का गुस्सा फूटा है और हम सड़क पर उतरे हैं। इस आंदोलन में जिले भर के किसान अपने कृषि यंत्रों के साथ इकट्ठा हुए हैं।
8 घंटे से शहर में जाम, आवागमन बाधित
अनूपपुर को पेंड्रा से जोड़ने वाली सड़क और अनूपपुर को शहडोल से जोड़ने वाली सड़क पर किसान आंदोलन कर रहें हैं। इस आंदोलन में बड़ी संख्या में किसान, ट्रैक्टर, टैंकर और बाईकों के साथ सड़क पर धरना दे रहें हैं। जिसके चलते दोपहर बाद से ही यहां जाम की स्थिति बनी हुई है।
बसें, एंबुलेंस भी इस जाम में फंसी नजर आईं। अभी भी पूरे शहर में लंबा जाम लगा हुआ है। किसान नेताओं का कहना है कि प्रशासन जब तक बातचीत करने नहीं आएगा तब तक ऐसे ही जाम लगा रहेगा।
यह भी पढ़ें: मध्यप्रदेश में अडानी पॉवर प्लांट के खिलाफ फूटा युवाओं का गुस्सा, केवई बचाने कर रहे जल सत्याग्रह











