बस्तर से मणिपुर भेजे जा रहे 1,000 से ज्यादा CRPF जवान, कुछ और बटालियनों की भी हो सकती है वापसी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर (Bastar) में नक्सल विरोधी अभियानों के बाद अब केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती कम की जा रही है। लंबे समय से नक्सल प्रभावित इलाकों में तैनात CRPF के 1,000 से ज्यादा जवानों को मणिपुर भेजा जा रहा है। जवानों को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। बताया जा रहा है कि अगले एक महीने में कुछ और बटालियनों को भी बस्तर से हटाया जा सकता है।

विजय शर्मा बोले- अब पहले जितनी फोर्स की जरूरत नहीं

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब केंद्रीय सुरक्षा बलों की पहले जैसी जरूरत नहीं रह गई है। नक्सल विरोधी अभियानों में मिली सफलता के बाद हालात बदले हैं। इसी को देखते हुए बस्तर में तैनात जवानों को दूसरे राज्यों में भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय बलों को वापस भेजने की प्रक्रिया पहले भी चलती रही है। अब 1,000 से अधिक CRPF जवानों की तैनाती मणिपुर में की जा रही है।

अगले महीने कुछ और बटालियनों की हो सकती है वापसी

बस्तर में नक्सली गतिविधियों में आई कमी के बाद सुरक्षा बलों की तैनाती की समीक्षा की जा रही है। इसी आधार पर आने वाले दिनों में कुछ और बटालियनों की वापसी की संभावना है। हालांकि, कितनी बटालियनें हटाई जाएंगी और किन इलाकों से जवानों को वापस बुलाया जाएगा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। केंद्रीय बलों की संख्या घटने के साथ बस्तर की सुरक्षा व्यवस्था में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now