एलन मस्क के स्टारशिप में लॉन्च के कुछ ही मिनट बाद विस्‍फोट, अमेरिका का एथेना लैंडर चांद पर उतरा लेकिन संपर्क टूटा

वॉशिंगटन। दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शामिल एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। गुरुवार को लॉन्च किए गए स्टारशिप रॉकेट से कुछ ही मिनटों बाद संपर्क टूट गया, जिसके बाद यह अंतरिक्ष में ही विस्फोट कर मलबे में तब्दील हो गया। वहीं दूसरी तरफ अमेरिका का एथेना लैंडर चांद पर उतर तो गया, लेकिन उससे संपर्क टूट गया है। नासा ने इस बारे में बाद में आपडेट देने को कहा है।

स्पेसएक्स मिशन की लाइव स्ट्रीमिंग में दिखा कि जब स्टारशिप अनियंत्रित होकर घूमने लगा, तो दक्षिण फ्लोरिडा और बहामास के आसमान में आग के मलबे की लकीरें नजर आईं। स्पेसएक्स ने बताया कि लॉन्च के बाद इंजन बंद हो गए, जिससे रॉकेट बेकाबू हो गया। इसके कारण मियामी, फोर्ट लॉडरडेल, पाम बीच और ऑरलैंडो हवाई अड्डों पर रात 8 बजे तक उड़ानों को रोक दिया गया।

दो महीने में यह दूसरी बार है जब स्पेसएक्स का स्टारशिप मिशन असफल हुआ है। इससे पहले जनवरी में लॉन्च किया गया रॉकेट भी नाकाम हो गया था और उसका जलता हुआ मलबा टर्क्स और कैकोस द्वीप पर गिरा था।

मिशन से मिली नई सीख

स्पेसएक्स ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा, “स्टारशिप के उड़ान भरते समय अनियोजित घटनाएं हुईं, जिससे संपर्क टूट गया। हम अब डेटा की समीक्षा कर रहे हैं ताकि इसकी असफलता का मूल कारण समझ सकें। हालांकि, इस परीक्षण से हमें स्टारशिप की विश्वसनीयता सुधारने के लिए महत्वपूर्ण सबक मिलेंगे।”

चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचा इंट्यूएटिव मशीन्स का एथेना लैंडर, स्थिति को लेकर संशय बरकरार

अमेरिकी प्राइवेट कंपनी इंट्यूएटिव मशीन्स का एथेना लैंडर गुरुवार को चंद्रमा के साउथ पोलर रीजन में सफलतापूर्वक उतर गया। हालांकि, लैंडिंग के कुछ मिनटों बाद से मिशन कंट्रोलर उसकी सटीक स्थिति की पुष्टि नहीं कर पाए हैं। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि लैंडर सीधा खड़ा है या किसी और स्थिति में है।

मिशन कंट्रोलर को लैंडिंग की पुष्टि करने में भी वक्त लगा। मिशन डायरेक्टर और कंपनी के सह-संस्थापक टिम क्रेन ने कहा, “ऐसा लग रहा है कि हमने चांद की सतह पर लैंड कर लिया है, लेकिन अब हमें यह जांचना होगा कि लैंडर की स्थिति क्या है।”

नासा और इंट्यूएटिव मशीन्स ने अचानक रोका लाइव प्रसारण

इस बीच, नासा और इंट्यूएटिव मशीन्स ने लैंडिंग का लाइव टेलीकास्ट अचानक बंद कर दिया और घोषणा की कि अब आगे की जानकारी दोपहर बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में साझा की जाएगी।

गौरतलब है कि इंट्यूएटिव मशीन्स ने करीब एक साल पहले भी चंद्रमा पर एक स्पेसक्राफ्ट लैंड करवाया था, लेकिन उस दौरान लैंडर का पैर टूटने से वह पलट गया था। अब सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि एथेना लैंडर की स्थिति क्या निकलकर आती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now