नई दिल्ली। दिल्ली और आसपास के इलाकों में रविवार सुबह घना स्मॉग छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार सुबह सात बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 398 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है और ‘गंभीर’ स्तर के बहुत करीब है।
ग्रेप स्टेज-4 के सख्त नियम लागू होने के बावजूद राजधानी के कई हिस्सों में एक्यूआई 400 से ऊपर पहुंच गया। आनंद विहार में 433, बवाना में 442, चांदनी चौक में 452, द्वारका में 414, आईटीओ में 399, अक्षरधाम में 438, जहांगीरपुरी में 440, मुंडका में 434, रोहिणी में 438, विवेक विहार में 418 और वजीरपुर में 446 जैसे पढ़ाव दर्ज हुए। दिल्ली से लगते नोएडा में एक्यूआई 401 तक पहुंचकर ‘गंभीर’ हो गया, जबकि ग्रेटर नोएडा में 334, गाजियाबाद में 361 और गुरुग्राम में 362 रहा।
यह प्रदूषण सांस की तकलीफ, आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ा रहा है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए। विशेषज्ञों का कहना है कि कम हवा की रफ्तार और ठंड के कारण प्रदूषक हवा में फंस रहे हैं जिससे स्थिति और बिगड़ रही है। लोगों को सलाह दी जा रही है कि बाहर निकलते समय मास्क पहनें और जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें।











