राजधानी में एक मकान से मिला देसी बम, कई संदिग्ध सामग्री भी बरामद, बम स्क्वाड कर रहा जांच

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रावांभाठा इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक एक मितानिन के मकान से देसी बम (Desi Bomb) और देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मिलने की सूचना सामने आई। मामला खमतराई थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां बम, तार, संदिग्ध केमिकल और अन्य सामान मिलने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर ने बताया कि विनय देवांगन ने मितानिन के घर बम रखाया था। पुलिस विनय देवांगन की तलाश में जुटी है। आरोपी के खिलाफ एफआईआर कर ली गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। रायपुर पुलिस की नॉर्थ जोन, खमतराई थाना टीम और बम स्क्वॉड मौके पर पहुंची तथा पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। मकान के आसपास आवाजाही सीमित कर दी गई है और क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में बरामद सामग्री देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली प्रतीत हो रही है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम संदिग्ध सामान की जांच कर रही है।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं वरिष्ठ DCP मौके पर पहुंचकर जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर इतनी मात्रा में संदिग्ध सामग्री वहां क्यों रखी गई थी और इसके पीछे किसका हाथ है।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं आपराधिक नेटवर्क, अवैध गतिविधियों और संभावित साजिश को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now