Dalai Lama wins Grammy 2026:लॉस एंजेलिस में 1 फरवरी 2026 को हुए 68वें ग्रैमी अवॉर्ड्स में एक ऐतिहासिक पल देखने को मिला। तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा ने अपनी ऑडियोबुक Meditations: The Reflections of His Holiness the Dalai Lama के लिए अपना पहला ग्रैमी अवॉर्ड जीता। यह सम्मान ‘बेस्ट ऑडियोबुक, नैरेशन एंड स्टोरीटेलिंग रिकॉर्डिंग’ कैटेगरी में मिला, जिसमें दलाई लामा ने अपनी आवाज में ध्यान, शांति, करुणा और जीवन के विचार साझा किए हैं।
90 साल के दलाई लामा ने इस जीत को व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि पूरी मानवता की साझा जिम्मेदारी माना। उनके कार्यालय की तरफ से जारी एक पोस्ट पर लिखा, ‘मैं इस सम्मान को आभार और विनम्रता से स्वीकार करता हूं। यह हमारी साझा सार्वभौमिक जिम्मेदारी की पहचान है।’ उन्होंने कहा कि शांति, करुणा और पर्यावरण की देखभाल सभी 8 अरब लोगों की भलाई के लिए जरूरी है, और यह अवॉर्ड इन संदेशों को और ज्यादा लोगों तक पहुंचाएगा।’
एल्बम में 10 ट्रैक हैं, जैसे Heart, Oneness, Harmony, Kindness, Peace और Journey, जो भारतीय संगीत से सजे हैं। इसमें दलाई लामा ने सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खान और उनके बेटों अमान अली बांगश व अयान अली बांगश के साथ मिलकर काम किया। यह स्पोकन-वर्ड एल्बम शांति, दया, एकता और उम्मीद जैसे मूल्यों को संगीत के साथ बयां करता है।
इस कैटेगरी में ट्रेवर नोआ, कैथी गार्वर, केतांजी ब्राउन जैक्सन और फैब मोरवान जैसे नाम शामिल थे। दलाई लामा को 1989 में नोबेल शांति पुरस्कार मिल चुका है और भारत में निर्वासन में रहते हुए दशकों से अहिंसा और मानवाधिकारों की आवाज उठाते रहे हैं। यह जीत उनके संदेश को नया मंच देती है।











