छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल का रायपुर कोर्ट में सरेंडर; समर्थकों ने की नारेबाजी, परिसर के बाहर शक्ति प्रदर्शन रायपुर

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल (Amit Baghel)ने बुधवार को रायपुर अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है। तीन महीने की अग्रिम जमानत की अवधि समाप्त होने के बाद बघेल स्वयं न्यायालय परिसर पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया के तहत सरेंडर किया। इस दौरान कोर्ट परिसर के बाहर उनके समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई और जमकर नारेबाजी की गई।

समर्थकों की उमड़ी भीड़, कोर्ट परिसर बना शक्ति प्रदर्शन का केंद्र

अमित बघेल के सरेंडर की खबर मिलते ही सुबह से ही रायपुर अदालत परिसर के बाहर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जमावड़ा शुरू हो गया था। बघेल के पहुंचते ही समर्थकों ने उन्हें घेर लिया और “शेर थे, शेर हैं और शेर रहेंगे!” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

जेल जाने से पहले बघेल के समर्थकों और संगठन के पदाधिकारियों ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए एक बड़ा राजनीतिक संदेश भी दिया। क्रांति सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उन्हें राज्य के पक्ष या विपक्ष, किसी भी राजनीतिक दल से कोई उम्मीद नहीं है। संगठन अपने मुद्दों पर लड़ाई खुद लड़ेगा।

तीन महीने से अग्रिम जमानत पर चल रहे थे बघेल

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल बीते तीन महीनों से न्यायालय से मिली अग्रिम जमानत पर बाहर थे। जमानत अवधि समाप्त होने और मामले की अगली कानूनी प्रक्रियाओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अदालत के समक्ष सरेंडर करने का फैसला किया।

सरेंडर के बाद पुलिस और न्यायलयीन अमले ने उन्हें हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की। कोर्ट परिसर के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि भीड़ और नारेबाजी के बीच कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में रहे।

राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज़

अमित बघेल के सरेंडर और न्यायालय परिसर के बाहर हुए इस शक्ति प्रदर्शन के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। क्षेत्रीय अस्मिता और स्थानीय मुद्दों को लेकर मुखर रहने वाली छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना द्वारा मुख्यधारा के दोनों प्रमुख दलों (सत्तापक्ष और विपक्ष) से दूरी बनाने का ऐलान आगामी दिनों में राज्य की स्थानीय राजनीति पर असर डाल सकता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories