लेंस डेस्क। Pakistan ने अमेरिका के एक चार्टर विमान को अपने हवाई क्षेत्र में प्रवेश की इजाजत देने से इनकार कर दिया। इस विमान में डिपोर्ट किए जा रहे ईरानी नागरिक सवार थे। अनुमति न मिलने के कारण विमान को बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार (10 नवंबर) को एरिजोना के मेसा से पाकिस्तान के लिए उड़ान भरने वाला यह विमान करीब 30 मिनट बाद ही यू-टर्न लेकर वापस मेसा पहुंच गया। विमान में हिरासत में लिए गए कई ईरानी नागरिक सवार थे।
अमेरिका का प्लान क्या था?
ट्रंप प्रशासन इन ईरानी नागरिकों को पाकिस्तान के रास्ते ईरान वापस भेजना चाहता था। अमेरिका और ईरान के बीच राजनयिक संबंध न होने के कारण सीधी उड़ान संभव नहीं है। इसलिए अमेरिका पाकिस्तान को ट्रांजिट रूट बनाना चाहता था। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने इस मामले पर कोई आधिकारिक टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।
पहले भी लौट चुका है विमान
यह दूसरी बार हुआ है जब एरिजोना से उड़ान भरने वाला ऐसा विमान वापस लौटा हो। इससे पहले रविवार को भी कम से कम 8 ईरानी नागरिकों को लेकर निकला विमान जॉर्जिया पहुंच गया था।
एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, ईरान-अमेरिका तनाव बढ़ने से पहले अमेरिका गैर-कानूनी रूप से रह रहे 100 से ज्यादा ईरानी नागरिकों को तीन अलग-अलग उड़ानों में तेहरान भेज चुका था। ये कार्रवाई सितंबर 2025 और जनवरी 2026 के बीच हुई थी। अब दोनों देशों के बीच युद्ध शुरू होने और राजनयिक संबंध टूटने के बाद अमेरिकी विमान सीधे ईरान नहीं जा सकता। इसलिए अमेरिका पाकिस्तान के जरिए डिपोर्टेशन की कोशिश कर रहा है।
पाकिस्तान ने पहले अफगानिस्तान भेजे जाने वाले निर्वासितों के लिए ट्रांजिट रूट बनने के संकेत दिए थे, लेकिन ईरानी नागरिकों के मामले में फिलहाल इस्लामाबाद ने अनुमति नहीं दी है। इस इनकार के बाद ट्रंप प्रशासन की योजना एक बार फिर अटक गई है।











