कोलकाता। पश्चिम बंगाल के फालता (Falta) विधानसभा क्षेत्र में हुए री-पोल के नतीजे सामने आ गए हैं। 22 दौर की मतगणना पूरी होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार देग्बांशु पांडा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। बीजेपी प्रत्याशी ने तृणमूल कांग्रेस को 1,09,021 वोटों के भारी अंतर से हराया। इस सीट से टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान ने अपना नाम वापस ले लिया था।
चुनाव आयोग के अनुसार, देग्बांशु पांडा को कुल 1,49,666 वोट मिले। इस जीत के साथ फालता सीट पर बीजेपी ने बड़ी राजनीतिक बढ़त हासिल की है। मतगणना रविवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई थी और देर शाम परिणाम घोषित किए गए।
फालता विधानसभा सीट पर यह री-पोल चुनाव आयोग के निर्देश पर कराया गया था। दूसरे चरण के मतदान के दौरान ईवीएम से छेड़छाड़ और अनियमितताओं के आरोप लगने के बाद आयोग ने सभी 285 बूथों पर दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया था।
21 मई को हुए पुनर्मतदान में रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया था। इस दौरान 88.78 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया, जो पिछले विधानसभा चुनाव से अधिक रहा।
गौरतलब है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में यह सीट तृणमूल कांग्रेस के कब्जे में थी। तब टीएमसी उम्मीदवार शंकर कुमार नास्कर ने बीजेपी को 40 हजार से अधिक वोटों से हराया था। हालांकि इस बार चुनावी तस्वीर पूरी तरह बदल गई और बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज कर राजनीतिक संदेश देने में सफलता हासिल की।
नतीजों के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कई जगहों पर पार्टी समर्थकों ने मिठाइयां बांटी और जीत का जश्न मनाया।
यह भी पढ़ें: राहुल ने कहा एक साल में जाएगी मोदी सरकार, पीयूष गोयल ने कहा – भारत को अस्थिर करने की बड़ी साजिश











