BJP में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा फेरबदल, 22 राज्यों में नए संगठन महामंत्री; शिवप्रकाश और सौदान सिंह के बदले गए दायित्व

BJP

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए देशभर में 24 नेताओं को नई संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से 24 सितंबर को जारी नियुक्ति सूची में राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन), प्रदेश महामंत्री (संगठन), प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) और संगठक के पदों पर नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं। 20 राज्यों के प्रदेश संगठन महामंत्री भी बदले गए हैं।

इस फेरबदल में खास तौर पर शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अलग-अलग राज्यों में प्रदेश महामंत्री (संगठन) के तौर पर कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां मिली हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ के संगठन महामंत्री पवन साय को झारखंड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पवन साय लंबे समय से छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

नई सूची में शिवप्रकाश को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उन्हें आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा की संगठनात्मक जिम्मेदारी दी गई है। उनका केंद्र मुंबई रहेगा।

वहीं सौदान सिंह को बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी दी गई है। उनका केंद्र भुवनेश्वर रहेगा।

भाजपा की जारी सूची के मुताबिक अजय जामवाल को महाराष्ट्र, मधुकर को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना, रवींद्र राजू को असम और त्रिपुरा, भीखुभाई दलसानिया को बिहार, पवन साय को झारखंड, सिद्धार्थन को हिमाचल प्रदेश, रत्नाकर को गुजरात और दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव, फणींद्रनाथ शर्मा को उत्तराखंड, पवन राणा को दिल्ली और हरियाणा, कर्मवीर को छत्तीसगढ़, चंद्रशेखर को मध्य प्रदेश, मानस मोहंती को ओडिशा, मंत्री श्रीनिवासुलु को पंजाब और चंडीगढ़, धर्मपाल को उत्तर प्रदेश, अमिताभ चक्रवर्ती को पश्चिम बंगाल का संगठन महामंत्री बनाया गया है।

छत्तीसगढ़ में पवन साय की जगह कर्मवीर

पवन साय।

राष्ट्रीय फेरबदल का सीधा असर छत्तीसगढ़ संगठन पर भी पड़ा है। अब तक छत्तीसगढ़ में संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे पवन साय को झारखंड भेजा गया है, जबकि कर्मवीर को छत्तीसगढ़ का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। इसी तरह छत्तीसगढ़ संगठन से जुड़े रहे अजय जामवाल को महाराष्ट्र की जिम्मेदारी दी गई है।

कर्मवीर।

इस बदलाव के बाद छत्तीसगढ़ के संगठनात्मक ढांचे में अब कर्मवीर की अहम भूमिका होगी, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर शिवप्रकाश छत्तीसगढ़ समेत पांच राज्यों की संगठनात्मक जिम्मेदारी संभालेंगे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now