धमकाया कि चुनाव लड़ेगा तो पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा
रायपुर। प्रदेश में चल रहे त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव में रायपुर के तिल्दा इलाके में बड़ा बवाल हो गया है। तिल्दा में जनपद पंचायत के चुनाव में खड़े होने की तैयारी कर रहे एक प्रत्याशी को भाजपा नेता ने किडनैप कर लिया। इसके बाद दो घंटे तक बंधक बनाकर उसकी पिटाई की और फिर उसे धमकी देकर छोड़ा कि यदि चुनाव लड़ेगा तो उसके पूरे परिवार के खत्म कर दिया जाएगा। इस मामले में तिल्दा नेवरा थाने में एफआईआर भी कर ली गई है।

मिली जानकारी के अनुसार योगेश गुरु गोसाई ने तिल्दा थाने में एफआईआर कराई है। योगेश मूल रूप से खरोरा का रहने वाला है। 1 जनवरी को अपने समर्थकों के साथ जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 18 से चुनाव लड़ने के लिए जनपद पंचायत कार्यालय फॉर्म लेने गया हुआ था। दोपहर 1 बजे फार्म लेने के कुछ देर बाद उसे टिकेश्वर उर्फ सोनू मनहरे, राहुल डहरिया ने चुनाव नहीं लड़ने की बात कही। योगेश नहीं माना तो आरोपियों ने उसे चुनाव लड़ने से रोकते हुए मारना पीटना शुरू कर दिया। फिर उसे जबरदस्ती अपनी इनोवा कार में बैठाकर ले गए। करीब 2 घंटे तक कार में ही बंधक बनाकर उसे घु माते रहे। उसका मोबाइल छीन लिया। टिकेश्वर ने योगेश का नामांकन फार्म भी फाड़ दिया और कहा कि दोबारा चुनाव लड़ने पर पूरे परिवार को खत्म कर देगा।

थाने में देर रात तक चलता रहा बवाल
जानकारी के अनुसार योगेश डहरिया भी भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही बीजेपी के एक विधायक भी उनके समर्थन में पहुंच गए। इसके बाद तिल्दा नेवरा थाने में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने को लेकर देर रात तक जमकर बवाल चलता रहा। टिकेश्वर मनहरे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश किसान मंत्री वेदराम मनहरे का भाई है। इस मामले में एडिशनल एसपी ग्रामीण कीर्तन राठौर ने कहा कि पहले पक्ष की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी आवेदन दिया है, जिसकी जांच चल रही है।
राजनीतिक द्वेष के चलते फर्जी एफआईआर दर्ज करवाई
आरोपी टिकेश्वर मनहरे के भाई वेदराम मनहरे ने कहा कि इस मामले में पुलिस में झूठी एफआईआर दर्ज करवाई गई है। योगेश गुरु और हम लोग एक ही गांव के हैं। टिकेश्वर और उसके बीच किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं है। एफआईआर में लिखी गई पूरी कहानी झूठी है। वेद राम ने कहा कि हमने भी थाने में इस फर्जी एफआईआर को रद्द करने पर आरोपियों पर कार्रवाई करने के लिए आवेदन दिया है। इसके अलावा भाजपा संगठन के नेताओं से भी इस मामले की शिकायत की जाएगी।










