पटना रेलवे स्टेशन पर सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर बवाल,अभ्यर्थियों ने रोकीं ट्रेन किया पथराव, पुलिस ने दागे आंसू गोले, करी हवाई हायरिंग

Bihar Police Recruitment Exam: बिहार पुलिस में सिपाही भर्ती परीक्षा के दिन रविवार को पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर भारी हंगामा हो गया। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए ट्रेन न मिलने से नाराज हजारों अभ्यर्थियों ने ट्रैक जाम कर दिया, पत्थरबाजी की और स्टेशन पर तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान रेलवे जोनल आईजी जितेंद्र राणा घायल हो गए। रेलवे स्टेशन पर रात से ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी जमा थे। बिहार पुलिस के मद्य निषेध विभाग, कक्षपाल और चलंत दस्ता सिपाही के कुल 4,210 पदों की लिखित परीक्षा आज दो शिफ्टों में हो रही है। एक लाख से ज्यादा युवा इस परीक्षा में शामिल होने वाले थे।

अररिया, कटिहार, पूर्णिया समेत विभिन्न जिलों से आए अभ्यर्थी पाटलिपुत्र स्टेशन पहुंचे। उनका आरोप है कि रेलवे प्रशासन ने पर्याप्त एग्जाम स्पेशल ट्रेन नहीं चलाई जो ट्रेनें चलीं, वे पहले से ही पूरी भरी हुई थीं। जगह न मिलने पर गुस्साए छात्रों ने ट्रेन के आगे धरना दे दिया। कई छात्र रेलवे ट्रैक पर लेट गए और परीक्षा रद्द करने की मांग करने लगे। प्रदर्शन तेजी से उग्र हो गया। अभ्यर्थियों ने स्टेशन पर दुकानों के शीशे तोड़े, एग्जाम स्पेशल ट्रेन पर पत्थर फेंके और ट्रेनों को रोक दिया। पूरे स्टेशन पर कांच के टुकड़े बिखर गए।

पुलिस पर पत्थरबाजी, IG घायल

मौके पर पहुंचे रेलवे जोनल आईजी जितेंद्र राणा समेत अन्य अधिकारियों ने छात्रों को समझाने की कोशिश की। लेकिन उग्र भीड़ ने पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। आईजी जितेंद्र राणा को गर्दन पर चोट आई। कुल 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए।स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, लाठीचार्ज किया और चेतावनी के तौर पर तीन राउंड हवाई फायरिंग की।

अधिकारियों का बयान

पटना डीएम डॉ. त्यागराजन ने बताया, “आधी रात को खबर मिली। हमने छात्रों से हंगामा न करने की अपील की। पहले से ही दो स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व बार-बार इमरजेंसी चेन खींच रहे थे और दूसरे छात्रों को भी रोक रहे थे। इसलिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।” रेलवे जोनल आईजी जितेंद्र राणा ने कहा, “भीड़ बहुत ज्यादा थी। हम लगातार समझा रहे थे, लेकिन कुछ लोगों ने पत्थरबाजी की। स्थिति नियंत्रित करने के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी। फिलहाल सब सामान्य है।” बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा, “परीक्षार्थियों को संयम रखना चाहिए था। अगर कोई समस्या थी तो तोड़फोड़ करना सही नहीं है।”

अब तक हुई कार्रवाई

6 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया
6 नामजद और लगभग 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
स्टेशन पर भारी पुलिस बल तैनात
CCTV फुटेज के आधार पर आगे की पहचान जारी

केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा आयोजित यह परीक्षा राज्य के 38 जिलों में चल रही है। इसमें मद्य निषेध सिपाही के 1685, कक्षपाल के 2417 और चलंत दस्ता सिपाही के 108 पद भरे जाएंगे। परीक्षा दो शिफ्टों में हो रही है। परीक्षा हॉल में मोबाइल, ब्लूटूथ या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। उल्लंघन पर बिहार लोक परीक्षा अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई होगी।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories