बिहार में 6 साल की मासूम के साथ पड़ोसी ने दुष्कर्म के बाद की हत्या,आरोपी गिरफ्तार

Bihar news: बिहार के दरभंगा जिले में 6 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात दरभंगा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के पटवा पोखर इलाके में हुई। बच्ची शनिवार शाम अपने घर से बाहर खेलने गई थी। उसके साथ उसकी दो अन्य सहेलियां (उम्र 6-7 साल) भी थीं। बच्ची शाम से घर नहीं लौटी, जिसके बाद परिजनों ने उसे खोजने की कोशिश की और रातभर तलाश जारी रखी जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

सुबह के समय कुछ ग्रामीणों को तालाब के पास कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर उन्हें तालाब किनारे खून से लथपथ बच्ची का शव मिला। पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बच्ची के साथ खेल रही अन्य दो बच्चियों से बात की। इन चश्मदीदों ने आरोपी की जानकारी दी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद आरोपी की पहचान 22 वर्षीय विकास महतो (बच्ची का पड़ोसी) के रूप में हुई। पुलिस ने उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय आरोपी के कपड़ों पर खून के निशान मिले।

दरभंगा के एसएसपी जगन्नाथ रेड्डी ने मीडिया को बताया, ‘6 साल की बच्ची का शव मिला है। पोस्टमॉर्टम कराया गया है और मामले की हर एंगल से जांच चल रही है।’ इस घटना के बाद गांव में भारी गुस्सा है। ग्रामीणों ने आरोपी के लिए फांसी की मांग की है। कई जगहों पर सड़क जाम, प्रदर्शन और तोड़फोड़ की खबरें आई हैं। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव में अतिरिक्त जवान तैनात किए हैं और लोगों को शांत रहकर न्याय का इंतजार करने का आश्वासन दिया है.

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now