इंस्टाग्राम पर आईं सोनिया गांधी, वीडियो पोस्ट कर दिखाया अपनी किताब का फर्स्ट लुक

नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया(Sonia Gandhi) गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपना अकाउंट शुरू किया। उन्होंने अपनी पहली पोस्ट में आने वाली किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ की पहली झलक साझा की और लोगों के प्रति आभार जताया।

सोनिया गांधी ने पोस्ट में लिखा, “आप सभी के साथ यह पल साझा करते हुए मैं सचमुच आभारी हूं। यह मेरी किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ की पहली झलक है।”

उन्होंने आगे लिखा कि यह किताब प्यार, कर्तव्य, अपनों को खोने और अपनी जगह तलाशने की कहानी है। उन्होंने कहा कि वह इस किताब को पाठकों के साथ साझा करने के लिए उत्सुक हैं।

इटली से भारत तक के सफर की कहानी

79 वर्षीय सोनिया गांधी की यह किताब उनके जीवन के सफर को बयां करती है। इसमें युद्ध के बाद के इटली में बिताए बचपन से लेकर राजीव गांधी से मुलाकात, उनसे प्रेम और भारत आने तक की कहानी शामिल है। किताब में उनके जीवन से जुड़े उन निजी दुखों का भी जिक्र है जिन्होंने उनके जीवन और भारत के साथ उनके रिश्ते को गहराई से प्रभावित किया।

सोनिया गांधी ने किताब में कैंब्रिज में पढ़ाई के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ अपने रिश्ते और अपनी सास व पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी तथा पति राजीव गांधी की हत्या से जुड़े अनुभवों को भी शामिल किया है।

10 नवंबर को प्रकाशित होगी किताब

प्रकाशक अल्फ्रेड ए. नॉफ ने 18 अगस्त को घोषणा की थी कि ‘Belonging: A Journey of Love’ 10 नवंबर को प्रकाशित होगी। यह किताब पेंगुइन रैंडम हाउस से जुड़े नॉफ डबलडे पब्लिशिंग ग्रुप के तहत प्रकाशित की जाएगी।

इटली में जन्मीं सोनिया गांधी 1965 में 19 साल की उम्र में इंग्लैंड के कैंब्रिज में पढ़ाई कर रही थीं जब उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई। दोनों ने 25 फरवरी 1968 को शादी की थी।

राहुल गांधी ने भी जताई खुशी

हाल ही में राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपनी मां की किताब को लेकर खुशी जाहिर की थी। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि उनकी मां की कहानी अब उन लाखों लोगों तक पहुंचेगी जो उनसे प्यार करते हैं।

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि सोनिया गांधी जैसी निजी जीवन पसंद करने वाली शख्सियत के लिए अपनी कहानी दुनिया के सामने रखना आसान नहीं रहा होगा। उन्होंने अपने पिता को याद करते हुए लिखा कि उन्हें लगता है कि राजीव गांधी अपनी पत्नी की कहानी को सामने आते देखकर गर्व महसूस कर रहे होंगे।

सोनिया गांधी की किताब को लेकर विवाद क्या है?

पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया (PRHI) द्वारा कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ का प्रकाशन रोकने का फैसला, उनसे जुड़ा पहला किताब संबंधी विवाद नहीं है। इस बार, प्रकाशक ने किताब छापने से इनकार इसलिए किया क्योंकि पेंगुइन पांडुलिपि के एक हिस्से में कुछ संपादकीय बदलाव करना चाहता था और कुछ पंक्तियां हटाना चाहता था, लेकिन लेखिका सोनिया गांधी ने इस मांग को मानने से इनकार कर दिया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now