ASP आकाश राव की शहादत के बाद सुकमा में फोर्स का एक्शन, 2 नक्सलियों को किया ढेर

June 12, 2025 1:37 PM
Naxal Operation

सुकमा। सुकमा जिले में IED ब्लास्ट में एडिशनल एसपी आकाश राव गिरीपूंजे की शहादत के बाद फोर्स एक्शन मोड में है। सुरक्षा बलों ने बुधवार को मुठभेड़ (Naxal Operation) में दो नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस ने एक पुरुष और एक महिला नक्सली का शव बरामद किया है। मौके से एक इंसास राइफल, एक 12 बोर राइफल सहित अन्य हथियार, गोलाबारूद और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है।

सुकमा जिले के कुकानार थाना अंतर्गत पुसगुन्ना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने एक ऑपरेशन चलाया था। CPI माओवादी संगठन के नक्सली कैडरों की मौजूदगी की सूचना पर सर्च ऑपरेशन के लिए जवानों को रवाना किया गया था। बुधवार दोपहर लगभग 2 बजे से सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच कई बार मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में जवानों ने दो नक्सलियों को मार गिराया।

पुसगुन्ना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में मारे गए पुरूष नक्सली की पहचान कर ली गई है। पुरूष नक्सली की पहचान पेदारास एलओएस (Local Organisation Squad) कमांडर बमन के रूप में हुई है। इस पर 5 लाख रुपए का इनाम घोषित था। वहीं, महिला नक्सली की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने मौके से एक इंसास राइफल, एक 12 बोर राइफल, सहित अन्य हथियार, गोलाबारूद एवं विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।

पुसगुन्ना में सुरक्षा बलों का ऑपरेशन अभी भी जारी है। जहां मुठभेड़ हुई उसके आस-पास अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। मुठभेड़ के बाद फरार हुए नक्सलियों की तलाश की जा रही है।

बता दें कि, सोमवार को IED  ब्लास्ट में एडिशनल एसपी राव गिरीपूंजे शहीद हो गए थे। एडिशनल एसपी आकाश राव अपनी टीम के साथ कोंटा के डोंड्रा इलाके गए थे। 8 जून की रात कोंटा के डोंड्रा इलाके में क्रेशर में पोकलेन मशीन को नक्सलियों ने आग लगा दी थी। इसकी सूचना मिलने पर आकाश राव अपनी टीम के साथ स्थल निरीक्षण के लिए गए थे। आग लगाने के बाद नक्सलियों ने आईईडी लगा दी, जिसमें आकाश राव फंस गए थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now