नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश के वाराणसी (Banaras) के पांडेयपुर क्षेत्र में एक पत्रकार के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। पत्रकार देवेंद्र कुमार पांडेय ने पुलिस चौकी में मौजूद एक पुलिसकर्मी पर गाली गलौज, दुर्व्यवहार, वाहन की चाबी छीनने और मोबाइल छीनने के प्रयास का आरोप लगाया है।
घटना के विरोध में बड़ी संख्या में पत्रकार लालपुर थाने पहुंचे और निष्पक्ष जांच तथा दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पत्रकार फिलहाल अर्धनग्न अवस्था में प्रदर्शन कर रहे हैं।
पत्रकार की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, वह किसी खबर से संबंधित जानकारी लेने पांडेयपुर पुलिस चौकी जा रहे थे।
आरोप है कि चौकी में मौजूद पुलिसकर्मी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया जब उन्होंने घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया तो उनका हाथ मरोड़कर मोबाइल छीनने की कोशिश की गई पत्रकार ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी ने उनके साथ गाली-गलौज की।
बताया गया है कि घटना चौकी प्रभारी की मौजूदगी में हुई और चौकी में लगे सीसीटीवी कैमरों में घटनाक्रम रिकॉर्ड होने की बात कही गई है।
पत्रकारों ने मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच कर पूरे मामले की निष्पक्षता से पड़ताल की जाए और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाए।
इसी बीच, लोहता थाना क्षेत्र में भी एक पत्रकार ने महिला दरोगा पर अभद्र व्यवहार करने का अलग आरोप लगाया है। पत्रकार के अनुसार, परिचय पत्र दिखाने के बावजूद उसके पत्रकार होने को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। इस मामले की भी शिकायत सामने आई है।











