“हमें पता चला कि हत्या से करीब एक साल पहले, एलटीटीई द्वारा अक्सर इस्तेमाल किए जाने वाले वीएचएफ संचार का एक इंटरसेप्ट पकड़ा गया था और जाफना तमिलों द्वारा बोली जाने वाली पुरानी तमिल भाषा से अनुवाद किया गया था। उसमें ठंडे तरीके से कहा गया था, “राजीव गांधी का सिर उड़ा दो। उसे खत्म कर दो। उसे मार डालो।” आईपीकेएफ के खुफिया प्रमुख ने तुरंत इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) को सतर्क कर दिया। लेकिन उस भयावह इंटरसेप्ट की जांच या आगे की कार्रवाई करने के बजाय उसे नजरअंदाज कर दिया गया। वी.पी. सिंह द्वारा राजीव की सुरक्षा हटाए जाने ने ऊपर से नीचे तक शासन के हर स्तर पर एक साफ संदेश भेज दिया था: राजीव की सुरक्षा कोई मायने नहीं रखती। बाद में और भी इंटरसेप्ट आए, लेकिन उन्हें डिकोड भी नहीं किया गया था।”
अपनी आत्मकथानुमा संस्मरणों की किताब ‘बिलॉंन्गिंग- अ जर्नी ऑफ लव, में सोनिया गाँधी ने राजीव गाँधी की हत्या के लिए सीधे वी.पी.सिंह सरकार को ज़िम्मेदार ठहराते हुए यह पैराग्राफ़ लिखा है। इसी किताब के तमाम अध्यायों पर बात करते हुए पिछले दिनों एक वीडियो भी सामने आया था जिसमें सोनिया गाँधी और प्रियंका गाँधी की मौजूदगी में राहुल गाँधी कहते हैं कि उनके पिता की “एसपीजी सुरक्षा हटाई ही इसलिए गयी थी कि उनकी हत्या की जा सके।”
साफ़ है कि राजीव गाँधी की हत्या रोकी जा सकती थी। सोनिया गाँधी ने जो लिखा और राहुल गाँधी ने जो बोला वह बताता है कि राजीव गाँधी को खोने के ग़म से परिवार आज तक उबर नहीं पाया है। इंदिरा गाँधी की हत्या के बाद जब राजीव गाँधी प्रधानमंत्री की शपथ लेने जा रहे थे तो सोनिया गाँधी ने उन्हें रोकते हुए कहा था कि ‘वे लोग आपको मार डालेंगे’, लेकिन गहरे दायित्वबोध से भरे हुए राजीव गाँधी ने जवाब दिया था कि ‘वे वैसे भी मुझे मार डालेंगे।’ सात साल बाद उनकी यह भविष्यवाणी सत्य साबित हुई थी।
यह समझना बेहद मुश्किल है कि ‘कवि-हृदय’ राजनेता की छवि रखने वाले तत्कालीन प्रधानमंत्री वी.पी.सिंह ने राजीव गाँधी की सुरक्षा को गंभीरता से क्यों नहीं लिया। या बाद में राजनीति में सिद्धांतों और वैचारिकी की दृढ़ता की दुहाई देने वाले प्रधानमंत्री चंद्रशेखर ने भी राजीव गाँधी की सुरक्षा के लिए कोई क़दम क्यों नहीं उठाया। ख़ासतौर पर जब राजीव गाँधी पर हमला करने की तैयारियों के बारे में तमाम ख़ुफ़िया जानकारियाँ सरकार तक पहुँच गयी थीं। फ़िलिस्तीन के क्रांतिकारी नेता यासिर अराफ़ात ने भी यह सूचना भेजी थी। उर्दू ‘नई दुनिया’ के संपादक, शाहिद सिद्दिक़ी ने पिछले दिनों एक इंटरव्यू में बताया कि राजीव गाँधी की सुरक्षा को लेकर वे कुछ अन्य नेताओं के साथ तत्कालीन गृहराज्यमंत्री सुबोधकांत सहाय से मिले थे। लेकिन सहाय ने ख़तरे की बात को हँसी में उड़ा दिया।
समझा जा सकता है कि सरकार के इस संवेदनहीन रवैया पर गाँधी परिवार किस बेबसी के अहसास से गुज़रा होगा। ऐसी स्थिति में सामान्य तौर पर हिम्मत टूट जाती है या निजी तौर पर सुरक्षा का इंतज़ाम किया जाता है। लेकिन राजीव गाँधी इसकी परवाह नहीं कर रहे थे और 1991 के चुनाव प्रचार में पूरी ताक़त से उतरे हुए थे। उनके साथ कई एक-दो सिपाही से ज़्यादा कुछ नहीं रहता था। बिहार में प्रचार के दौरान उन पर पत्थर फेंके गये थे जिसके बाद मार्च 1991 में पढ़ाई के लिए अमेरिका जा रहे राहुल गाँधी ने अपनी माँ से कहा था कि ‘अगर पापा की सुरक्षा के लिए कुछ विशेष नहीं किया गया तो उन्हें उनकी अंतिम संस्कार के लिए जल्दी ही लौटना पड़ेगा।’ सोनिया गाँधी ने इस प्रसंग का बेहद मार्मिक वर्णन अपनी किताब में किया है।
राजीव गाँधी को भी आने वाले ख़तरे का पूरा आभास था। 2016 में प्रकाशित वरिष्ठ पत्रकार नीना गोपाल की किताब ‘द असेसिनेशन ऑफ़ राजीव गाँधी’ काफ़ी चर्चित है। नीना गोपाल ने राजीव गाँधी का अंतिम इंटरव्यू लिया था। वे 21 मई 1991 की रात राजीव गांधी के साथ ही श्रीपेरुम्बुदूर रैली को कवर करने जा रही थीं जब यह इंटरव्यू उन्होंने लिया था। नीना ने लिखा है कि रैली के रास्ते में उनकी गाड़ी थोड़ा रुक गयी थी और लोग राजीव गाँधी हर तरफ़ से घेर रहे थे। उनके शरीर को छू रहे थे। कोई सुरक्षाकर्मी नज़र नहीं आ रहा था। उन्होंने पूछा था कि ‘क्या उन्हें जान का खतरा महसूस नहीं होता? जवाब में राजीव ने राजीव ने जवाब दिया था: “क्या आपने गौर किया है कि जब भी कोई महत्वपूर्ण दक्षिण एशियाई नेता सत्ता में आता है या अपने या अपने देश के लिए कुछ हासिल करने वाला होता है, तो उसे मार दिया जाता है…इंदिरा गांधी, शेख मुजीब, जुल्फिकार अली भुट्टो, भडारनाइके को देखिए।”
और थोड़ी ही देर बाद रात 10.21 पर हुए धमाके ने राजीव गाँधी का नाम भी इसी लिस्ट में शामिल कर दिया। हैरानी की बात ये है कि तमाम ख़तरे की आशंका के बावजूद राजीव गाँधी ने समय रहते अपनी सुरक्षा का स्थायी बंदोबस्त करने से इंकार कर दिया था।
भारत की चुनाव प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए चर्चित वरिष्ठ नौकरशाह टी.एन. शेषन 1988-89 में पर्यावरण, वन और वन्यजीव मंत्रालय के सचिव और प्रधानमंत्री की सुरक्षा के प्रभारी भी थे। उन्होंने स्वयं एसपीजी एक्ट का ड्राफ्ट तैयार किया था। अपनी आत्मकथा ‘थ्रू द ब्रोकन ग्लासेस’ में शेषन ने लिखा है कि अमेरिका में एफ़बीआई पूर्व राष्ट्रपतियों और उनके परिजनों को लंबे समय तक सुरक्षा देती है। उन्होंने राजीव से कहा था कि ‘आज आप प्रधानमंत्री हैं, कल नहीं रहेंगे, लेकिन खतरा बना रहेगा। इसलिए प्रस्तावित कानून में मौजूदा पीएम और उनके परिवार के साथ-साथ पूर्व प्रधानमंत्रियों और उनके परिवारों को भी एसपीजी सुरक्षा में शामिल किया जाना चाहिए।’ लेकिन राजीव गाँधी ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया था। शेषन के अनुसार, राजीव ने सोचा कि लोग इसे ‘निजी स्वार्थ’ में बनवाया गया क़ानून मानेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्रियों के लिए नहीं; सिर्फ मौजूदा प्रधानमंत्री को शामिल करना काफी है। शेषन ने लिखा है कि उन्होंने राजीव गाँधी को मनाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने।
शायद राजीव गाँधी को उम्मीद थी कि अगर ऐसी नौबत कभी आयी तो जो भी सरकार होगी, उनकी सरक्षा का ख़्याल ज़रूर रखेगी। पर उनकी उम्मीद ग़लत साबित हुई। कभी इंदिरा गाँधी ने भी सिख सुरक्षाकर्मियों को हटाने का प्रस्ताव यह कहते हुए ठुकरा दिया था कि इससे प्रधानमंत्री का एक समुदाय पर अविश्वास का संकेत जाएगा। और उनके साथ विश्वासघात हो गया। उन्हीं सिख अंगरक्षकों ने इंदिरा की हत्या की थी जिन्हें हटाने का प्रस्ताव था। राजीव के भी विश्वास की हत्या हुई थी।
राजीव हत्याकांड की जाँच के लिए बने जस्टिस जे.एस.वर्मा आयोग ने एजेंसियों की सलाह के बावजूद राजीव गाँधी की एसपीजी सुरक्षा हटाने के लिए वी.पी.सिंह सरकार को ज़िम्मेदार ठहराया था वहीं जस्टिस एम.सी.जैन आयोग ने हत्याकांड के पीछे अंतरराष्ट्रीय साज़िश की जाँच का सिफ़ारिश की थी। उँगलियाँ चंद्रास्वामी की ओर भी उठी थीं जिनके हथियार कारोबारियों से संबंध थे। लेकिन इस संबंध में हुई कोशिश का कोई नतीजा नहीं निकला। हैरानी की बात ये है कि राजीव गाँधी पर हमले के मास्टरमाइंड शिवरासन को बैंगलुरु में ज़िंदा पकड़ने की कोशिश में भारी लापरवाही बरती गयी। उसने आत्महत्या कर ली, वरना साज़िश की कई परतें खुलतीं।
सोनिया गाँधी ने इस असफलता को भी अपनी किताब में दर्ज करते हुए लिखा है कि “अगली सुबह प्रियंका गुस्से में कमरे में घुसी और बोली कि उन्होंने ऑपरेशन गड़बड़ कर दिया। पता चला कि सरगनाओं की ठिकाने की जानकारी मिलने के छत्तीस घंटे से ज्यादा बीत जाने के बाद भी कमांड चेन में संदेश ऊपर-नीचे हो रहे थे और कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस बीच प्रेस को सूचना लीक हो गई और ठिकाने के आसपास की हलचल से आतंकवादी सतर्क हो गए। जब तक पुलिस हरकत में आई, मीडिया वहां इकट्ठा हो चुका था—टीवी क्रू, वैन और सब कुछ। पकड़े जाने की बात समझते ही आतंकवादियों ने आत्महत्या कर ली: एक ने खुद को गोली मार ली, दूसरे ने साइनाइड की गोली खा ली।”
राजीव गाँधी भारत की राजनीति में एक ताज़ा हवा के झोंके की तरह आये थे। उनकी जान बचाई जा सकती थी, लेकिन नहीं बचायी गयी। उन्होंने कंप्यूर क्रांति के ज़रिए देश को इक्कीसवीं सदी के लिए तैयार किया था। उनकी हत्या के पीछे सिर्फ़ लिट्टे नहीं, वे शक्तियाँ भी थीं जिन्हें एक युवा नेता के नेतृत्व में भारत की इस छलाँग से तकलीफ़ थी। ये शक्तियाँ देश के बाहर ही थीं, या अंदर भी-यह सवाल आजतक अनुत्तरित है।











