नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान (Azam Khan) अब जेल से बाहर निकलते ही अलग अलग पत्रकारों से कई बातें की हैं। भले ही उनकी राजनीतिक मुलाकातों का सिलसिला अभी शुरू नहीं हुआ है, लेकिन इंटरव्यू लगातार चल रहे हैं। इसी कड़ी में आजम खान का एक इंटरव्यू सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें वह जेल के दिनों का किस्सा सुना रहे हैं। इस इंटरव्यू में आजम खान ने कहा कि एक बार उन्हें लगा कि आज उनका और उनके बेटे की आखिरी मुलाकात है। अब एनकाउंटर हो जाएगा।
‘मुझे लगा मेरे बेटे से अब आखिरी मुलाकात है’
एक यूट्यूब चैनल को इंटरव्यू देते हुए आजम खान ने किस्सा बताते हुए कहा: ‘एक बार पेशी के लिए मुझे और मेरे बेटे अब्दुल्लाह को अलग-अलग गाड़ियों में बैठाकर ले जाने लगे। इस दौरान मैंने उनसे तुरंत कहा कि अलग-अलग गाड़ी क्यों। एक ही गाड़ी में ले चलो। तब उन्होंने कहा कि नहीं, आज अलग-अलग गाड़ी में ले जाया जाएगा। यह सुनने के बाद मेरे मन में तुरंत यह बात आई कि आज मेरी और मेरे बेटे की आखिरी मुलाकात है तब उस वक्त एनकाउंटर का दौर चल रहा था।’
‘ऐसा लगता था कि जैसे किसी ने खंजर डाल कर सीना चीर दिया हो’
जब जेल के खाने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि हम तो पिल्ले हैं। मेरे साथ एक पिल्ला भी था, मेरा बेटा। इसके अलावा आजम खान ने कहा कि खुद जेल में रहने से डरा नहीं था। एमटेक किए हुए बच्चे को अपने साथ जेल में बराबर सुलाना और उससे ये सुनना कि क्या अब्बा कभी छूट भी पाएंगे। लगता था कि किसी ने जिगर में खंजर डाल करके चीर दिया हो।
जौहर यूनिवर्सिटी की ढहाने की अपील
आजम खान ने कहा कि मैं चाहता हूं, अपने बुलडोजर लाएं और इस यूनिवर्सिटी को गिराएं। मुझे गाजियाबाद अदालत में जज साहब से आंसुओं के साथ कहना पड़ा कि हमें पूरे परिवार के साथ इच्छामृत्यु की इजाजत दे दीजिए। या देश से जाने के लिए कह दीजिए। क्योंकि, इतनी नफरत न दिल से बर्दाश्त होती है और न ही शरीर बर्दाश्त करता है। ढाई साल तक मेरी बीवी जेल में रही हैं। करीब साढ़े तीन साल बेटा जेल में रहा है। उन्होंने कहा कि एक शिक्षा के मंदिर के साथ जो किया गया वह दुरुस्त नहीं था। मैं मुकदमा वापस लेने वाला हूं.। कमिश्नर के यहां इमारतों की अपील है। रामपुर प्राधिकरण ने हमें नोटिस दिया कि आपने हमारे यहां से नक्शे पास नहीं कराए। लिहाजा यह डिमॉलिश कर दिया जाएगा।











