नई दिल्ली। देश के सबसे बड़े पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड बिसलेरी के सैंपल जांच में दो बार फेल हो गए हैं। खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने रविवार को कंपनी के खिलाफ कोर्ट में केस चलाने की अनुमति दे दी है।
FSSAI के अनुसार, बिसलेरी का पानी पीने लायक नहीं पाया गया। पहली जांच में पानी में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा मिली, जो सेहत के लिए खतरनाक माना जाता है। कंपनी ने इस रिपोर्ट पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोबारा जांच कराई गई। दूसरी जांच में भी पानी असुरक्षित निकला। इस बार इसमें PAHs नाम के कैंसर पैदा करने वाले तत्व भी पाए गए।
सैंपल कंपनी परिसर से लिए गए
खास बात यह है कि दोनों बार पानी के सैंपल बाजार से नहीं, बल्कि बिसलेरी कंपनी के अपने परिसर से ही उठाए गए थे। FSSAI ने कहा है कि ब्रोमेट और PAHs दोनों कैंसर से जुड़े पदार्थों की श्रेणी में आते हैं। इसलिए कंपनी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। अभी तक कंपनी की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। 50 साल से ज्यादा पुराने इस ब्रांड पर हुई कार्रवाई ने लोगों का ध्यान खींचा है।
अन्य कंपनियों पर भी एक्शन
FSSAI ने सिर्फ बिसलेरी पर ही कार्रवाई नहीं की है। वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी समेत कई अन्य कंपनियों के खिलाफ भी केस और प्रोडक्ट रिकॉल की कार्रवाई की गई है। नियमों का पालन न करने पर उर्मी लाइफसाइंस और गौर आयुर्वेदिक स्टोर का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया है। आशा कन्फेक्शनरी को अपने पैक्ड चॉकलेट फिल्ड बिस्किट वापस लेने का आदेश दिया गया है, क्योंकि वे असुरक्षित पाए गए थे। FSSAI की इस कार्रवाई से पैक्ड पानी और खाने-पीने के सामान की सुरक्षा पर फिर से चर्चा शुरू हो गई है।









