बच्चों के अधिकारों की आवाज बनेगा सोशल मीडिया, UNICEF ने इन्फ्लुएंसर्स से की जिम्मेदार भूमिका निभाने की अपील

भोपाल। बच्चों के अधिकारों और उनकी समस्याओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया (Social Media) की भूमिका पर विश्व बाल दिवस के मौके पर मध्य प्रदेश के खारी गांव में चर्चा हुई। Youth4Children ने UNICEF मध्य प्रदेश के सहयोग से 20 नवंबर को MPT होमस्टे में सोशल मीडिया मीट आयोजित की। इसमें डिजिटल कंटेंट के जरिए बच्चों की आवाज उठाने, उनकी सुरक्षा और निजता का ध्यान रखने तथा ग्रामीण और दिव्यांग बच्चों को समान अवसर दिलाने पर जोर दिया गया।

‘My Day. My Rights. My Future.’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

बच्चों से जुड़े फैसलों में उनकी भागीदारी जरूरी

UNICEF मध्य प्रदेश के चीफ ऑफ फील्ड ऑफिस विलियम हैनलॉन ने कहा कि बच्चों को उनके जीवन और भविष्य से जुड़े फैसलों में शामिल किया जाना चाहिए। हर बच्चे को अपनी बात रखने, सपने पूरे करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।

UNICEF मध्य प्रदेश के कम्युनिकेशन स्पेशलिस्ट अनिल गुलाटी ने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए बच्चों की उन समस्याओं को भी सामने लाया जा सकता है, जिन पर आमतौर पर कम ध्यान दिया जाता है। हालांकि, बच्चों से जुड़ी तस्वीरें, वीडियो या दूसरी सामग्री साझा करते समय उनकी गरिमा, निजता और सुरक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है।

ग्रामीण और दिव्यांग बच्चों को भी मिलें समान अवसर

UNICEF इंडिया की पहली यूथ एडवोकेट और अंतरराष्ट्रीय डेफ बैडमिंटन चैंपियन गौरांशी शर्मा ने ग्रामीण क्षेत्रों और दिव्यांग बच्चों के लिए बेहतर सुविधाओं की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि गांवों के खिलाड़ियों को भी शहरों जैसी सुविधाएं, प्रशिक्षण के अवसर और आगे बढ़ने के लिए मंच मिलना चाहिए। डिजिटल क्रिएटर्स ऐसी कमियों को सामने लाने में मदद कर सकते हैं।

बच्चों को अपनी संस्कृति से जोड़ने पर भी जोर

मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की सलाहकार डॉ. रंजना मिश्रा ने कहा कि आधुनिक और डिजिटल दौर में बच्चों का अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहना जरूरी है। सोशल मीडिया उन्हें अपने समुदाय और स्थानीय विरासत को जानने का अवसर दे सकता है।

महिला एवं बाल विकास विभाग की अपर संचालक संध्या व्यास ने इन्फ्लुएंसर्स से महिलाओं और बच्चों के कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं तथा अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की। वहीं, लेखिका और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि कौशिक ने डिजिटल कहानियों के जरिए लैंगिक भेदभाव और पुरानी रूढ़ियों को चुनौती देने की जरूरत बताई।

कार्यक्रम में आयोजित क्रिएटर संवाद के दौरान प्रतिभागियों ने बाल अधिकारों पर जागरूकता बढ़ाने के तरीके साझा किए। ग्रामीण जीवन और पारंपरिक खेलों से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। आयोजन का उद्देश्य सोशल मीडिया क्रिएटर्स को बच्चों से जुड़े मुद्दों पर जिम्मेदारी के साथ काम करने के लिए प्रोत्साहित करना था।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now