FBI की टॉप-10 मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल हुआ गोल्डी बरार

लेंस डेस्क । अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बरार को अपनी 10 सबसे खतरनाक भगोड़ों की सूची में जगह दी है। एजेंसी के मुताबिक, गोल्डी बरार लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध गिरोह का उत्तर अमेरिकी ऑपरेशन संभालने वाला कथित प्रमुख है।

FBI के अनुसार इस गिरोह पर अमेरिका और कनाडा में हिंसक अपराधों की एक लंबी सूची है। इनमें राजनीतिक-धार्मिक नेताओं की हत्या, गोलीबारी, हत्या, अपहरण, रंगदारी, हमले, मानव तस्करी के साथ नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी शामिल है। एजेंसी ने गोल्डी बराड़ को सशस्त्र और बेहद खतरनाक करार दिया है। उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले को 10 लाख डॉलर (लगभग 8.4 करोड़ रुपये) तक का इनाम देने का ऐलान किया गया है।

कनाडा की पुलिस ने भी हाल ही में गोल्डी बरार को देश के 25 सबसे वांछित भगोड़ों की सूची में नंबर-1 पर रखा है। विन्निपेग में 2023 में हुई एक हत्या के मामले में उसकी तलाश चल रही है। कनाडा में सूचना देने वाले को 2.5 लाख कनाडाई डॉलर (करीब 1.5 करोड़ रुपये) का इनाम घोषित किया गया है।

पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले का रहने वाला गोल्डी बरार 2017 में छात्र वीजा पर कनाडा पहुंचा था। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, वह लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा रहा है और भारत में भी कई आपराधिक मामलों में उसका नाम सामने आता रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now