स्वच्छता और बेहतर शहरी प्रबंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाई है। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025′(Swachh Survekshan 2025) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छत्तीसगढ़ के तीन निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित इस सर्वेक्षण में बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया। वहीं, बिलासपुर नगर निगम ने ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में पूरे देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि रायपुर नगर निगम को राज्य स्तरीय स्वच्छता में पहला पुरस्कार मिला।
राष्ट्रपति के हाथों डिप्टी सीएम और अधिकारियों ने ग्रहण किया पुरस्कार
इस प्रतिष्ठित सम्मान को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव तथा विभागीय प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने प्राप्त किया। उनके साथ संबंधित नगरीय निकायों के महापौर, अध्यक्ष और आयुक्त भी मौजूद थे। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह में बिलासपुर महापौर पूजा विधानी, बिलासपुर आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे (IAS), रायपुर महापौर मीनल चौबे, रायपुर आयुक्त सम्बित मिश्रा (IAS), बिल्हा नगर पंचायत अध्यक्ष वंदना जेंड्रे तथा सूडा के मिशन निदेशक सुमीत अग्रवाल (IAS) भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई, कहा- “स्वच्छता बने हर नागरिक की आदत”
प्रदेश की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और विशेष रूप से स्वच्छता मित्रों (सफाई कर्मचारियों) को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ को मिले राष्ट्रीय सम्मान हमारे शहरों की बदलती तस्वीर और स्वच्छता के प्रति जनता की साझा प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं। बिल्हा जैसे छोटे शहर का देश में पहला स्थान पाना, बिलासपुर का रिवर फ्रंट में दूसरा स्थान और रायपुर का राज्य में शीर्ष पर बने रहना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। हमारा लक्ष्य केवल रैंकिंग सुधारना नहीं, बल्कि एक ऐसा टिकाऊ तंत्र विकसित करना है जहाँ स्वच्छता हर नागरिक की आदत बन सके।”
डिप्टी सीएम अरुण साव बोले- सीमित संसाधनों में भी रचा इतिहास
पुरस्कार ग्रहण करने के बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि तीन निकायों का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना छत्तीसगढ़ के लिए एक बड़ा मील का पत्थर है। सीमित संसाधनों के बावजूद बिल्हा नगर पंचायत का देश में प्रथम आना यह साबित करता है कि बेहतर प्रबंधन, दृढ़ इच्छाशक्ति और जनभागीदारी से बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।
गौरतलब है कि इस वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण की थीम “स्वच्छता के लिए नई पहल, हाथ मिलाएँ, मिलकर सफाई करें” (New Initiatives for Cleanliness, Join Hands, Clean Together) रखी गई थी, जो सामूहिक जिम्मेदारी और जन-आंदोलन पर केंद्रित थी।










