रायपुर कमिश्नरेट की पहली दीपावली रही शांतिपूर्ण, पुलिस ने जारी की रिपोर्ट, बाजारों में उमड़ी भारी भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में रायपुर कमिश्नरेट (Raipur Commissionerate)के गठन के बाद पहली दीपावली का पावन पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, होली, गणेशोत्सव, नवरात्रि और दशहरा के बाद धनतेरस और महालक्ष्मी पूजा का पर्व भी बिना किसी बड़ी अप्रिय घटना के शांतिपूर्वक बीत गया है। इस दौरान शहर में गंभीर दुर्घटना या शरीर एवं संपत्ति संबंधी किसी बड़े अपराध की कोई सूचना नहीं मिली है।

बाजारों में उमड़ी भारी भीड़, ट्रैफिक और सुरक्षा रही दुरुस्त

इस वर्ष धनतेरस और दीपावली के मौके पर रायपुर के प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक केंद्रों में उम्मीद से कहीं अधिक भीड़ और लोगों की भारी आवाजाही देखने को मिली। इसके बावजूद पुलिस की मुस्तैदी और बेहतर प्रबंधन के चलते बाजारों में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुचारू बनी रही।

भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद मैदानी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लगातार पेट्रोलिंग व पैदल गश्त के जरिए असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी गई। ट्रैफिक के दबाव को संभालने के लिए विशेष डायवर्जन और पार्किंग के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे आम नागरिकों और व्यापारियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

अपराधियों पर कसी गई लगाम, त्योहारों से पहले चली विशेष कार्रवाई

त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कमिश्नरेट की ओर से पहले से ही व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। पुलिस ने अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

विशेष तौर पर चाकूबाजी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल तत्वों तथा अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की गई। इसके अलावा, आदतन अपराधियों, गुंडा-बदमाशों और असामाजिक तत्वों की लगातार चेकिंग कर उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी गई, जिसका सकारात्मक असर त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था पर साफ दिखाई दिया। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बाजारों में पुलिस की निरंतर उपस्थिति सुनिश्चित की गई थी।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों और व्यापारिक संगठनों का जताया आभार

रायपुर कमिश्नरेट ने इन सभी आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग के लिए शहर के समस्त नागरिकों, जनप्रितिधियों, मीडिया कर्मियों, व्यापारियों और व्यापारिक संगठनों का हृदय से आभार व्यक्त किया है। पुलिस का कहना है कि सभी के आपसी सहयोग और मार्गदर्शन से ही राजधानी में सुरक्षा और विश्वास का यह वातावरण लगातार कायम है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now