कटनी। पूरे देश में 8 नवंबर दीपावली पर जब चारों ओर रोशनी और पटाखों की आवाज से सराबोर था। उसी समय मध्यप्रदेश में एक भयावह अग्निकांड हुआ। कटनी जिले के बरही में एक क्राकरी स्टोर में आग लगने(fire incident) से एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत हो गई। सबसे दुखद यह रहा कि 2 महीने का मासूम जिसने अब तक दुनिया देखी भी भी नहीं थी उसने अपनी मां की गोद में दम तोड़ दिया। आग लगने की सूचना के करीब एक घंटे बाद मौके पर रेस्क्यू टीम पहुंची। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मदद देरी से मिलनी के कारण इतनी बड़ी घटना हुई है।
दरअसल, बरही में रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने से 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, नातिन आर्या (14), अन्वी (6) और महज दो माह के मासूम को मौत हो गई।
धू– धू कर जलती रही इमारत, बाहर निकलने का नहीं मिला मौका
जानकारी के मुताबिक, बिल्डिंग में आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार के अधिकांश सदस्यों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। बिल्डिंग में फंसे लोगों को बचाने के लिए रातभर प्रयास किए जाते रहे। सुबह करीब 4:30 बजे 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से बिल्डिंग की दीवार तोड़कर परिवार के अन्य पांच सदस्यों को बाहर निकाला गया। इनमें दो माह का मासूम भी शामिल था। घटनास्थल का दृश्य इतना हृदयविदारक था कि वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
जान जोखिम में डालकर की युवाओं के की मदद
बिलिंग में लगी आग जब विकराल रूप ले चुकी थी और दमकल कर्मी आग बुझाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब बरही के युवाओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर मदद करने की ठानी। स्थानीय मदन सोनी, कृष्णकांत ताम्रकार, पिंटू ताम्रकार सहित अन्य युवाओं ने दमकल कर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने और राहत कार्य में सहयोग किया। युवाओं ने अपनी जान की परवाह किए बिना पीड़ित परिवार को बचाने का भरसक प्रयास किया।
दो सदस्य बच निकले, छह सदस्य इमारत में फंसे रह गए
बिल्डिंग में आग लगने के बाद रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। बताया जा रहा है कि आग की लपटें देखकर दोनों ने तेजी से शोर मचाया और बाहर की ओर भागे। हालांकि, परिवार के अन्य सदस्य आग और घने धुएं के बीच इमारत में ही फंसे रह गए। रातभर उन्हें बचाने की कोशिशें होती रहीं, लेकिन राहत कार्य में आई बाधाओं के चलते छह जिंदगियां नहीं बचाई जा सकीं।
मां की गोद में लिपटा था दो माह का मासूम, तोड़ा दम
इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू दो माह के मासूम की मौत है। बताया गया कि बच्चा अपनी मां पूनम के साथ तीसरी मंजिल स्थित कमरे में था। वहीं, चंद्रकला और परिवार की दोनों बेटियां आर्या और अन्वी भी इमारत के दूसरे हिस्से में फंसी हुई थीं। सुबह जब रेस्क्यू टीम ने उन्हें बाहर निकाला, तब तक उनकी भी जान जा चुकी थी।
रेस्क्यू कार्य में हुई लापरवाही
इस भयावह हादसे ने बरही की अग्निशमन व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी। मिली जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12 बजे आग लगने के बाद नगर परिषद बरही का दमकल वाहन लगभग एक बजे मौके पर पहुंचा, लेकिन उसका पाइप फटा हुआ था। करीब डेढ़ घंटे बाद विजयराघवगढ़ से पहुंची दमकल गाड़ी के पाइप में भी खराबी बताई गई। इसके कारण आग बुझाने के प्रयास प्रभावित हुए। बाद में कैमोर और कटनी से भी दमकल वाहन बुलाए गए। सवाल यह उठता है कि जब दीपावली जैसे पर्व पर, आग लगने की संभावना अधिक रहती है, तब दमकल वाहनों की व्यवस्था दुरुस्त क्यों नहीं थी? यदि समय पर पर्याप्त और प्रभावी संसाधन उपलब्ध होते, तो क्या कुछ जानें बचाई जा सकती थीं?
घटना के कई घंटे बाद तक नहीं पहुंचे कोई अधिकारी
जानकारी के अनुसार, इस हादसे के घंटों बीत जाने के बाद भी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। अधिकारियों की देरी पर लोगों में नाराजगी है। इतने बड़े हादसे के बावजूद स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुबह करीब चार बजे तक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे। लोगों ने मदद के लिए तहसीलदार, एसडीएम और कलेक्टर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। संकट की इस घड़ी में अधिकारियों की कथित अनुपस्थिति को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई।
घटना पर किसकी जवाबदेही?
बरही का यह अग्निकांड केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि नगर की दमकल व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं की तत्परता और प्रशासनिक जवाबदेही पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। दीपावली की रात हुए इस हादसे में छह लोगों की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। अब जरूरत है कि आग लगने के कारणों, दमकल वाहनों की खराब स्थिति और राहत कार्य में हुई देरी की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही, यदि कहीं लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटना की पुनरावृत्ति न हो।
सीएम ने की मुआवजे की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शोक व्यक्त करते हुए X पर पोस्ट कर लिखा कि दीपावली पर्व पर कटनी जिले के बरही और सिवनी जिले के छपारा में आग लगने की दुखद घटना में दो परिवारों के कई सदस्यों के निधन का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है। दिवंगतों को विनम्र श्रद्धांजलि। राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!
कलेक्टर ने मानी गलती, झाड़ा पल्ला
कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी आज सुबह मौके पर पहुंचे। उनसे पत्रकारों ने सवाल किया तो उन्होंने कहा कि जिस तरह से बचाव कार्य होना चाहिए था उस तरीके से नहीं हुआ। गलती हुई है। आगे ऐसी गलती ना हो ध्यान रखा जाएगा। लेकिन, सवाल यह कि क्या गलती मान लेने से या पल्ला झाड़ लेने से उन 6 मृतकों को दोबारा जीवन मिल पाएगा?











