दुर्ग में अफीम की अवैध खेती का खुलासा करने वाला सरपंच गिरफ्तार, व्हाट्सएप स्टेटस को लेकर पुलिस ने भेजा जेल

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग (Durg) जिले में अफीम की अवैध खेती का खुलासा कर चर्चा में आए समोदा गांव के सरपंच अरुण गौतम को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उन पर व्हाट्सएप स्टेटस के जरिए प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि सरपंच को पहले भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत बाउंड ओवर कराया गया था, लेकिन उन्होंने दोबारा ऐसी पोस्ट कर शर्तों का उल्लंघन किया। पुलिस ने इसे प्रदेश में अपनी तरह की पहली कार्रवाई बताया है।

ग्रामीण की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

पुलिस के मुताबिक, समोदा निवासी जितेंद्र देशमुख ने सरपंच अरुण गौतम के खिलाफ लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में अधिकारियों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री व्हाट्सएप स्टेटस पर डालने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद दुर्ग एसडीएम से मिले ज्ञापन और शिकायत के आधार पर पुलगांव थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने सरपंच का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पहले भी हुई थी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

अरुण गौतम को पहले शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाउंड ओवर कराया गया था। इसके तहत उन्हें तय अवधि तक कुछ शर्तों का पालन करना था। पुलिस के अनुसार, दोबारा आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने से इन शर्तों का उल्लंघन हुआ। पुलिस ने बाउंड ओवर निरस्त करने और बंधपत्र की राशि जब्त करने के लिए एसडीएम न्यायालय में प्रतिवेदन पेश किया है। गिरफ्तारी के बाद सरपंच को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

अफीम की खेती की सूचना देकर आए थे चर्चा में

मार्च 2026 में समोदा गांव में अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आया था। गांव के एक खेत में लाखों की संख्या में अफीम के पौधे मिले थे। इसकी जानकारी पुलिस और प्रशासन तक पहुंचाने में सरपंच अरुण गौतम की भूमिका रही थी। उनकी शिकायत के बाद प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने खेत में कार्रवाई की थी। मामले की जांच पूरी करने के बाद पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट पेश की थी।

अब उसी सरपंच की गिरफ्तारी ने एक बार फिर समोदा गांव को चर्चा में ला दिया है। हालांकि, पुलिस ने जिस व्हाट्सएप स्टेटस को आपत्तिजनक बताया है, उसमें क्या लिखा गया था, इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now