कांकेर में बिजली विभाग के दफ्तर में दिवाली गिफ्ट के साथ शराब बांटने का आरोप, पुलिस ने जब्त की बोतलें

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर (Kanker) जिले में बिजली विभाग के दफ्तर में दिवाली के उपहार के साथ शराब बांटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि धनतेरस के दिन कार्यालयीन समय में कर्मचारियों को मिठाई के डिब्बों के साथ शराब की बोतलें दी जा रही थीं। इसकी शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वहां रखी शराब की बोतलों को जब्त कर लिया। पुलिस विभाग के कार्यपालन अभियंता एस.के. किंडो को भी पूछताछ के लिए कोतवाली थाने ले गई।

कांग्रेस नेता ने दफ्तर पहुंचकर बनाया वीडियो

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कांकेर ग्रामीण के अध्यक्ष ब्लोमेंद्र यादव को बिजली विभाग के कार्यालय में शराब बांटे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद वे दफ्तर पहुंचे और वहां रखी शराब की बोतलों का वीडियो बनाया। उनका आरोप है कि एक जैसे पैकेटों में शराब की बोतलें रखी गई थीं। कई कर्मचारियों की मेज के ऊपर और नीचे भी बोतलें मिलीं। उस समय कार्यालय में महिला कर्मचारी भी मौजूद थीं। यादव ने इस बारे में कार्यपालन अभियंता से सवाल किया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।

कार्यपालन अभियंता ने आरोपों से किया इनकार

कार्यपालन अभियंता एस.के. किंडो ने कार्यालय में शराब की बोतलें रखे जाने की जानकारी होने से इनकार किया है। उन्होंने आरोपों को निराधार बताते हुए पुलिस के व्यवहार पर भी सवाल उठाए। किंडो का कहना है कि पुलिस उन्हें अपने वाहन में बैठाकर थाने ले गई और रास्ते में उनके साथ अभद्रता की गई। उन्होंने इस व्यवहार को अशोभनीय बताया।

शराब कहां से आई, पुलिस कर रही जांच

शिकायत के बाद पुलिस ने कार्यालय से शराब की बोतलें जब्त कर जांच शुरू कर दी है। कार्यपालन अभियंता को थाने ले जाने की जानकारी मिलते ही विभाग के दूसरे अधिकारी और कर्मचारी भी वहां पहुंच गए। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि शराब की बोतलें किसने मंगवाई थीं और इन्हें कर्मचारियों के बीच बांटने की तैयारी थी या नहीं। पुलिस शिकायत और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now