रायपुर। छत्तीसगढ़ में मेडिकल (Medical) की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश के सात मेडिकल कॉलेजों में पोस्ट ग्रेजुएशन (पीजी) की 97 सीटें बढ़ाई गई हैं। इनमें सरकारी कॉलेजों की 33 और निजी कॉलेजों की 64 सीटें शामिल हैं। इससे एमबीबीएस पूरा कर चुके छात्रों को विशेषज्ञता की पढ़ाई के लिए ज्यादा विकल्प मिलेंगे।
दूसरे राज्यों में जाने की मजबूरी होगी कम
प्रदेश में पीजी की सीमित सीटों के कारण कई छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है। नई सीटें मिलने से ऐसे छात्रों को छत्तीसगढ़ में ही दाखिला लेने का मौका मिल सकेगा। हालांकि, निजी कॉलेजों की फीस अधिक होने के कारण सरकारी सीटों पर दाखिले के लिए प्रतिस्पर्धा बनी रह सकती है।
स्वास्थ्य सेवाओं को भी मिलेगा फायदा
मेडिकल कॉलेजों में पीजी की पढ़ाई पूरी करने वाले डॉक्टर सर्जरी, मेडिसिन, स्त्री रोग और अन्य क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल करते हैं। ऐसे डॉक्टरों की संख्या बढ़ने से भविष्य में प्रदेश के अस्पतालों को फायदा मिल सकता है। खासकर जिला अस्पतालों और दूरदराज के इलाकों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इसके लिए जरूरी होगा कि पढ़ाई पूरी करने वाले डॉक्टर प्रदेश में ही अपनी सेवाएं दें।








