लेंस डेस्क। आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 (Punjab Elections 2027) के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। सूची में सभी मौजूदा विधायकों के नाम शामिल हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी पुरानी सीट धूरी से ही चुनाव लड़ेंगे। जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा को लुधियाना वेस्ट से टिकट दिया गया है। पार्टी की इस पहली सूची में वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा का नाम नहीं है। संगरूर के तूरबंजारा में गुलजार सुसाइड केस में उनका नाम चर्चा में था।
पंजाब विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल मार्च 2027 में समाप्त हो रहा है। राज्य में कुल 117 सीटें हैं, जिनमें से वर्तमान में 94 सीटों पर AAP के विधायक हैं।
सूची में 4 पूर्व मंत्रियों को दोबारा टिकट मिला है। ये हैं:
ब्रह्म शंकर शर्मा जिम्पा (होशियारपुर)
डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर (अमृतसर दक्षिण)
बलकार सिंह (करतारपुर)
कुलदीप सिंह धालीवाल (अजनाला)
इन सभी को उनकी पुरानी सीटों से ही मौका दिया गया है।
SC आरक्षित सीटों पर फोकस
पार्टी ने पहली सूची में 8 SC वर्ग के उम्मीदवारों को जगह दी है। इनमें करतारपुर, चब्बेवाल, पायल, निहाल सिंह वाला, जैतो, भदौड़ और महल कलां जैसी सीटें शामिल हैं। ज्यादातर जगहों पर मौजूदा विधायकों को ही दोबारा टिकट मिला है।
नेताओं की प्रतिक्रिया
AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि पिछले पांच साल में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और किसानों के लिए किए गए काम के आधार पर पार्टी चुनाव लड़ेगी। उन्होंने संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी को राजनीतिक बताया। सांसद संजय सिंह ने बताया कि राजनीतिक मामलों की समिति ने 40 नामों को मंजूरी दी है। बाकी उम्मीदवारों के नाम जल्द घोषित किए जाएंगे।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि संजीव अरोड़ा अच्छा काम कर रहे थे। केंद्र सरकार ने उन्हें जेल भेजकर सरकार के कामकाज को प्रभावित करने की कोशिश की है।
किन नेताओं के नाम नहीं आए
पहली सूची में कई बड़े नाम गायब हैं। इनमें वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा, हरभजन सिंह ईटीओ, डॉ. बलजीत कौर, अमन अरोड़ा समेत कई मौजूदा मंत्री शामिल हैं। कुल 13 मंत्रियों के नाम अभी होल्ड पर हैं। जेल में बंद संजीव अरोड़ा पर ईडी का आरोप है कि उनकी कंपनी ने फर्जी बिलों के जरिए टैक्स और ड्यूटी का फायदा उठाया। अरोड़ा इसे राजनीतिक बदला बताते हैं। वे वर्तमान में गुरुग्राम की भोंडसी जेल में बंद हैं।
कोटकपूरा विधायक और स्पीकर कुलतार संधवां ने कहा कि काम करने में पार्टी का कोई मुकाबला नहीं है। AAP जल्द बाकी उम्मीदवारों के नाम भी जारी करेगी। पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।











