रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर (Raipur) में मंगलवार (27 अक्टूबर 2026) को इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। यूथ कांग्रेस नेता नवाज खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस की कीमतों को लेकर भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर निशाना साधा। प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि जब रसोई गैस सिलेंडर 400 रुपये में मिलता था, तब स्मृति ईरानी सड़कों पर उतरकर विरोध करती थीं, लेकिन अब इसकी कीमत करीब 1000 रुपये होने पर वह चुप क्यों हैं?
स्मृति ईरानी के खिलाफ फ्लेक्स लेकर किया विरोध
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘लबरी स्मृति ईरानी, छत्तीसगढ़ पूछ रहा है- महंगाई पर जवाब दो! 400 वाला सिलेंडर 1000 में, स्मृति जी आप मौन क्यों हैं?’ लिखे फ्लेक्स दिखाए। यूथ कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष में रहते हुए महंगाई का विरोध करती थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद उसके नेताओं ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध ली है।
नवाज खान बोले- छत्तीसगढ़ियों को ठगना बंद करो
यूथ कांग्रेस नेता नवाज खान ने कहा, “जब सिलेंडर 400 रुपये था तो स्मृति ईरानी जी सड़क पर बैठकर विरोध करती थीं, आज 1000 रुपये हो गया है तो वह मौन क्यों हैं? छत्तीसगढ़ की जनता पूछ रही है, छत्तीसगढ़ियों को ठगना बंद करो।”
प्रदर्शन के जरिए यूथ कांग्रेस ने केंद्र सरकार की महंगाई संबंधी नीतियों पर सवाल उठाए और रसोई गैस की कीमतों को लेकर जवाब मांगा।








