लेंस डेस्क। बेंगलुरु से एक हैरान करने वाली खबर आई है। यहाँ के एक स्पोर्ट्स स्टार्टअप (A1 Sports World) के मालिक कार्तिक शेनॉय (Bengaluru CEO) ने इंटरनेट पर एक ऐलान किया है, जिससे बवाल मच गया है। कार्तिक का कहना है कि उनकी कंपनी अब उत्तर प्रदेश (UP), बिहार, मध्य प्रदेश (MP) और राजस्थान के पुरुषों को नौकरी पर नहीं रखेगी।
कार्तिक का दावा है कि कुछ दिन पहले उनकी कंपनी में एक घटना हुई थी:
- उनकी कंपनी के एक कर्मचारी (जो इनमें से ही किसी राज्य का था) पर महिला सहकर्मियों से बदतमीजी और गलत व्यवहार करने का आरोप लगा।
- दो बार चेतावनी देने के बाद भी जब वह नहीं सुधरा, तो उसे नौकरी से निकाल दिया गया।
- सीईओ का कहना है कि उनकी कंपनी छोटे बच्चों और खेल से जुड़ी है, इसलिए वे महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के साथ कोई रिस्क नहीं लेना चाहते।
जब लोगों ने गुस्सा दिखाया, तो CEO बोले -‘मेरी कंपनी, मेरी मर्जी’
जैसे ही उन्होंने यह बात सोशल मीडिया (X) पर लिखी, लोग भड़क गए। लोगों ने कहा ‘किसी एक इंसान की गलती की सजा पूरे राज्य के लड़कों को देना गलत है। यह तो भेदभाव है।’ इस पर CEO ने जवाब दिया – ‘मेरी कंपनी है, मेरे नियम चलेंगे। जब आपकी अपनी कंपनी होगी तब आप तय करना। मुझे मत सिखाओ कि कंपनी कैसे चलानी है।’

मामला क्यों बढ़ा?
उनकी कंपनी में कुल 32 लोग काम करते हैं जिनमें 14 महिलाएं हैं। लोग कह रहे हैं कि किसी के राज्य या जेंडर (लिंग) के आधार पर नौकरी देने से मना करना कानूनी और नैतिक रूप से गलत है। वहीं कुछ लोग महिला सुरक्षा के नाम पर CEO का समर्थन भी कर रहे हैं।











