नेताओं से निराश महिला सरपंच की अर्जी मां दंतेश्वरी के नाम!

Maa Danteshwari

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के डेगलरास की महिला सरपंच दीपिका ने चार किलोमीटर सड़क के लिए मंत्री, विधायक और अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई, लेकिन जब अपनी बात उन तक नहीं पहुंचने का एहसास हुआ तो उन्होंने अपनी फरियाद मां दंतेश्वरी (Maa Danteshwari) के दरबार में रख दी।

पंचायत के लेटरहेड पर लिखी इस अर्जी में उन्होंने मां से आग्रह किया है कि जब उनकी बात विधायक और मंत्रियों तक नहीं पहुंच रही है, तो मां दंतेश्वरी ही उनकी बात उन तक पहुंचा दें।

बताया जा रहा है कि यह पत्र मां दंतेश्वरी मंदिर की दानपेटी में डाला गया था। दानपेटी खोले जाने के दौरान श्रद्धालुओं की अन्य अर्जियों के साथ यह चिट्ठी भी सामने आई। इसके बाद इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और डेगलरास की सड़क समस्या एक बार फिर चर्चा में आ गई।

डेगलरास पंचायत के ग्रामीणों के मुताबिक गांव तक करीब चार किलोमीटर सड़क का निर्माण लंबे समय से नहीं हो सका है। ग्रामीण वर्षों से सड़क की मांग कर रहे हैं। बरसात के दिनों में कच्चा रास्ता और बदहाल हो जाता है, जिससे आवागमन मुश्किल हो जाता है और ग्रामीणों को जरूरी कामों के लिए भी परेशानी उठानी पड़ती है।

सरपंच की अर्जी में सड़क निर्माण के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से किए गए प्रयासों का भी उल्लेख है। लेकिन लंबे इंतजार और आश्वासनों के बाद भी सड़क नहीं बनने से उनकी उम्मीद अब मां दंतेश्वरी के दरबार तक पहुंच गई।

यह चिट्ठी सिर्फ सड़क की मांग नहीं है। इसमें उस जनप्रतिनिधि की बेबसी भी दिखाई देती है, जो अपने गांव की चार किलोमीटर सड़क के लिए व्यवस्था के अलग-अलग दरवाजों पर दस्तक देने के बाद अब अपनी बात देवी तक पहुंचा रही है।

अब सवाल यह है कि जिस आवाज को सरपंच के मुताबिक विधायक और मंत्रियों तक पहुंचने का रास्ता नहीं मिला, क्या मां दंतेश्वरी के दरबार से निकली यह अर्जी उस रास्ते को खोल पाएगी?

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now