रायपुर। पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जन्मदिवस ईद मिलाद-उन-नबी (Eid Milad-un-Nabi) के मौके पर बुधवार को राजधानी रायपुर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। शहर सीरतुन्नबी कमेटी की ओर से आयोजित जुलूस की शुरुआत बैजनाथपारा स्थित महबूबिया चौक से हुई। बड़ी संख्या में लोग जुलूस में शामिल हुए और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सीरत मैदान पहुंचे।
जुलूस का मार्ग मालवीय रोड, जयस्तंभ चौक, शारदा चौक, फूल चौक, तात्यापारा, सत्ती बाजार, सदर बाजार और कोतवाली चौक से होकर गुजरा। जुलूस के दौरान लोगों ने पैगंबर मोहम्मद के संदेशों को याद करते हुए अमन, मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया।
जुलूस के सीरत मैदान पहुंचने के बाद धर्मगुरुओं की मौजूदगी में परचम कुशाई की रस्म अदा की गई। इसके बाद शहर सीरतुन्नबी कमेटी की ओर से लंगर का आयोजन किया गया। कमेटी ने जुलूस में शामिल लोगों से अनुशासन बनाए रखने, प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और आम लोगों की सुविधा का ध्यान रखने की अपील की थी।
ईद मिलादुन्नबी से एक दिन पहले छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मिर्जा एजाज बेग और शहर सीरतुन्नबी कमेटी के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर उन्हें ईद मिलादुन्नबी की बधाई दी थी। इस दौरान कमेटी के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जुलूस-ए-मोहम्मदी समेत आयोजन की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री साय ने मुस्लिम समाज को ईद मिलादुन्नबी की शुभकामनाएं देते हुए पैगंबर हजरत मोहम्मद के आपसी भाईचारे और मोहब्बत के संदेश को आत्मसात करने की बात कही। इस दौरान शहर सीरतुन्नबी कमेटी के अध्यक्ष सोहेल सेठी और बदरुद्दीन खोखर भी मौजूद रहे।










