रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार को विशाल कांवड़ यात्रा निकाली गई। रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में CM विष्णु देव साय ने करीब 10 हजार कांवड़ियों ने हिस्सा लिया। करीब 13 किलोमीटर की यात्रा छह घंटे में पूरी कर शिवभक्त महादेव घाट पहुंचे, जहां बाबा हटकेश्वरनाथ महादेव का जलाभिषेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की गई।
यात्रा की शुरुआत गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम से हुई। इससे पहले भिलाई के कान्हा जी महाराज के सान्निध्य में 21 पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कांवड़ पूजन कराया। छत्तीसगढ़ की पांच नदियों से लाए गए पवित्र जल का पूजन करने के बाद श्रद्धालुओं ने कांवड़ उठाकर यात्रा शुरू की।
इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत विधायक और महापौर मीनल चौबे सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी कांवड़ उठाई। एक समान परिधान में हजारों शिवभक्तों के साथ डमरू-ढोल और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा मार्ग गूंजता रहा।
करीब 40 चौक-चौराहों पर सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने स्वागत किया। कई जगह पुष्पवर्षा और प्रसादी की व्यवस्था की गई। यात्रा में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, केरल, महाराष्ट्र, ओडिशा और छत्तीसगढ़ समेत विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शिव परिवार, राम दरबार, हनुमान, महाकाल समेत कई झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
आयोजन की व्यवस्था में करीब 500 सेवादार जुटे रहे। मुख्यमंत्री साय ने यात्रा को आस्था, सेवा और सामाजिक समरसता का उदाहरण बताया। वहीं राजेश मूणत ने कहा कि कांवड़ यात्रा में सभी भेद पीछे छूट जाते हैं और सिर्फ शिवभक्ति की पहचान रह जाती है।









