इंडिगो की वेबसाइट और ऐप में तकनीकी खराबी, टिकट बुकिंग, वेब चेक-इन प्रभावित

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो (IndiGo)की ऑनलाइन सेवाएं बुधवार को तकनीकी समस्या के कारण प्रभावित हुईं। कंपनी की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर यात्रियों को फ्लाइट सर्च करने, टिकट बुक करने और वेब चेक-इन करने में दिक्कत आ रही है।

इंडिगो के मुख्य रिजर्वेशन प्लेटफॉर्म में रुक-रुककर तकनीकी गड़बड़ी हो रही है। इस वजह से कई यात्री वेबसाइट या ऐप पर फ्लाइट का शेड्यूल और किराया नहीं देख पा रहे हैं। नतीजतन नई टिकट बुकिंग करना मुश्किल हो गया है। आज या कल की उड़ान वाले कुछ यात्रियों को ऑनलाइन चेक-इन करने और बोर्डिंग पास डाउनलोड करने में भी समस्या हो रही है।

ऑनलाइन सेवाएं ठीक से काम न करने के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पर मैनुअल चेक-इन और अन्य मदद के लिए काउंटरों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे एयरपोर्ट पर कतारें बढ़ने की आशंका है।

इंडिगो ने इस बारे में सर्विस एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने बताया कि उसकी तकनीकी टीमें टेक्नोलॉजी पार्टनर्स के साथ मिलकर समस्या को जल्द से जल्द ठीक करने में जुटी हुई हैं। कंपनी ने कहा कि मुख्य रिजर्वेशन सिस्टम में फिलहाल रुक-रुककर खराबी आ रही है, जिससे कुछ ग्राहकों को ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी हो सकती है।

तुरंत यात्रा से जुड़ी मदद चाहिए तो यात्रियों को इंडिगो के कॉल सेंटर या कस्टमर सपोर्ट हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई है। जिनकी यात्रा बाद में है, उनसे कहा गया है कि वे कुछ समय बाद वेबसाइट या ऐप दोबारा खोलकर सेवाओं का इस्तेमाल करने की कोशिश करें।एयरलाइन ने यात्रियों से सहयोग की अपील की है और कहा है कि तकनीकी टीमें समस्या हल करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम कर रही हैं।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now