BJP की राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ की एंट्री: रूपकुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की कमान, दीपक म्हस्के संभालेंगे सोशल मीडिया

BJP

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ को दो अहम जिम्मेदारियां मिली हैं। महासमुंद की सांसद रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय स्तर पर सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

दीपक म्हस्के अब अमित मालवीय की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। हालांकि दीपक म्हस्के की सोशल मीडिया में उपस्थिति न के बराबर है, लेकिन पार्टी के जिम्मेदारों का कहना है कि वे सोशल मीडिया कैंपेन का अनुभव रखते हैं।

राष्ट्रीय संगठन में छत्तीसगढ़ से दो नेताओं को जगह मिलना प्रदेश भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, कोषाध्यक्ष और सह-कोषाध्यक्ष जैसे प्रमुख पदों पर इस बार छत्तीसगढ़ से किसी नेता को जगह नहीं मिली है।

रूपकुमारी चौधरी और दीपक म्हस्के को नई जिम्मेदारी मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुभकामनाएं दीं। रूपकुमारी चौधरी को लेकर सीएम ने सोशल मीडिया में लिखा कि ‘महिला सशक्तीकरण और संगठन के प्रति आपका समर्पण सदैव उल्लेखनीय रहा है। आपके अनुभव और कुशल नेतृत्व से महिला मोर्चा को नई दिशा और गति मिलेगी।’

इसी तरह दीपक म्हस्के के लिए सीएम साय ने लिखा कि ‘आपकी संगठनात्मक क्षमता, सक्रियता और तकनीक के प्रभावी उपयोग से भाजपा के विचारों एवं जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के महाअभियान को नई ऊर्जा मिलेगी। हमें विश्वास है कि आपके नेतृत्व में संगठन का डिजिटल संवाद और अधिक प्रभावी एवं सशक्त होगा।’

रूपकुमारी चौधरी का लंबा राजनीतिक सफर

महासमुंद से लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी का भाजपा में करीब दो दशक से अधिक का राजनीतिक सफर रहा है। 2005 में जिला पंचायत सदस्य के तौर पर उन्होंने सक्रिय राजनीति की शुरुआत की। 2009 में वे राज्य सहकारी संघ, रायपुर की प्रतिनिधि रहीं और 2010 में दोबारा जिला पंचायत सदस्य चुनी गईं। 2011 में उन्हें भाजपा महिला मोर्चा, महासमुंद का जिला महामंत्री बनाया गया।

2013 में उन्होंने बसना विधानसभा सीट से विधायक का चुनाव जीता। इसके बाद 2014 में भाजपा छत्तीसगढ़ की प्रदेश मंत्री और 2015 में छत्तीसगढ़ सरकार में महिला एवं बाल विकास विभाग की संसदीय सचिव की जिम्मेदारी संभाली।

2019 में उन्हें महासमुंद भाजपा का जिलाध्यक्ष बनाया गया। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में वे महासमुंद से सांसद चुनी गईं। 2025 से वे भाजपा छत्तीसगढ़ की प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं। अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर महिला मोर्चा की कमान सौंपी गई है।

सोशल मीडिया की कमान संभालेंगे दीपक म्हस्के

CGMSC के अध्यक्ष दीपक म्हस्के को भाजपा के राष्ट्रीय स्तर पर सोशल मीडिया की जिम्मेदारी मिलना भी अहम माना जा रहा है। वे छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रह चुके हैं और पार्टी के सोशल मीडिया तथा संचार से जुड़े काम में सक्रिय रहे हैं। हालांकि उनकी सोशल मीडिया में उपस्थिति न के बराबर है, लेकिन पार्टी के जिम्मेदारों का कहना है कि म्हस्के लंबे समय से पार्टी के सोशल मीडिया अभियानों और डिजिटल गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। वे सोशल मीडिया कैंपेन का अनुभव रखते हैं।

म्हस्के भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के सोशल मीडिया और पार्टी कम्युनिकेशन से जुड़े काम में भी सक्रिय रहे हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पार्टी के संदेश को प्रभावी तरीके से पहुंचाने, राजनीतिक मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखने और सोशल मीडिया कैंपेन को आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका रही है।

उनके प्रोफेशनल बैकग्राउंड की बात करें तो वे शुरुआती करियर में कुछ समय कॉलेज में रसायन विज्ञान के प्रोफेसर भी रहे। वे पेट्रोलियम मंत्रालय के इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के बोर्ड में गैर-सरकारी/स्वतंत्र निदेशक के तौर पर भी काम कर चुके हैं।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now