बस्तर में भी फूटा युवाओं का गुस्सा, पेपर लीक और सोनम वांगचुक के समर्थन में उग्र प्रदर्शन, बैरिकेड तोड़े, पुलिस ने चलाए वाटर कैनन

नारायणपुर | यह दृश्य दिल्ली के जंतर-मंतर का नहीं, बल्कि(Bastar)के नारायणपुर का है, जहां नीट पेपर लीक मामले और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में युवाओं का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। शुक्रवार को NSUI और विभिन्न युवा संगठनों के कार्यकर्ताओं ने विशाल पैदल मार्च और रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी नारायणपुर बाजार स्थल से कलेक्ट्रेट की ओर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने के लिए रवाना हुए थे। लेकिन घड़ी चौक के पास पुलिस और सुरक्षा बलों ने दो बैरिकेड लगाकर उनका रास्ता रोक दिया।
इससे प्रदर्शनकारियों का गुस्सा भड़क उठा और आगे बढ़ने की कोशिश में दोनों बैरिकेड तोड़ दिए गए।
स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

कुछ देर तक प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस दौरान दो लोगों के घायल होने की भी सूचना है, जिन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।

कलेक्ट्रेट से महज करीब 200 मीटर पहले घड़ी चौक पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। प्रदर्शनकारी किसी भी कीमत पर आगे बढ़ना चाहते थे, जबकि सुरक्षा बल उन्हें रोकने पर अड़े रहे। इसके बाद हालात अचानक बिगड़ गए और विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया।

हंगामे के बाद प्रतिनिधिमंडल ने SDM अभिजीत मंडावी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शांतिपूर्ण आंदोलनों पर बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।

NSUI जिला अध्यक्ष विजय सालम ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि वे शांतिपूर्ण तरीके से सोनम वांगचुक के समर्थन में मार्च निकाल रहे थे, लेकिन कलेक्ट्रेट पहुंचने से पहले ही उन्हें रोक दिया गया। उन्होंने मांग की कि शांतिपूर्ण आंदोलनों पर बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

बस्तर में युवाओं के इस उग्र प्रदर्शन ने एक बार फिर यह संकेत दिया है कि नीट पेपर लीक और अन्य जन मुद्दों को लेकर नाराजगी अब महानगरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसकी गूंज बस्तर जैसे आदिवासी अंचलों तक भी पहुंच चुकी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories