रायपुर। राजधानी रायपुर के नकटी (Nakati) गांव में विधायक आवास कॉलोनी निर्माण के लिए गरीब परिवारों के मकान तोड़े जाने के मामले में सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि करीब 85 गरीब परिवारों को बरसात से ठीक पहले बेघर करना अमानवीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। विधायक ने कहा कि वर्षों की मेहनत से बने गरीबों के आशियाने उजाड़कर जनप्रतिनिधियों के लिए आवास बनाना न्यायसंगत नहीं है।
चातुरी नंद ने अपने पत्र में कहा कि जनता ने जनप्रतिनिधियों को लोगों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए चुना है, न कि गरीबों के सिर से छत छीनकर सुविधाएं खड़ी करने के लिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे नकटी गांव के प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी हैं और गरीबों के घर उजाड़कर बनने वाला विधायक आवास उन्हें स्वीकार नहीं है।
विधायक ने सुझाव दिया कि यदि नई विधायक आवास कॉलोनी का निर्माण आवश्यक है तो इसके लिए नवा रायपुर में उपलब्ध सरकारी भूमि का उपयोग किया जाए, जहां किसी परिवार को विस्थापित किए बिना आधुनिक कॉलोनी विकसित की जा सकती है।
उन्होंने सरकार से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, उचित मुआवजे और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही उम्मीद जताई कि सरकार संवेदनशीलता दिखाते हुए गरीब परिवारों के हित में शीघ्र निर्णय लेगी।










