लेंस डेस्क । ब्रिटेन के प्रधानमंत्री Keir Starmer ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है। उन्होंने लेबर पार्टी के नेता पद से भी इस्तीफा दे दिया है। पार्टी के अंदर बढ़ते दबाव और हालिया चुनावी नतीजों के बाद स्टार्मर को यह फैसला लेना पड़ा। स्टार्मर ने कहा कि वे पार्टी और देश के हित में यह कदम उठा रहे हैं। नया नेता चुने जाने तक वे कार्यवाहक प्रधानमंत्री बने रहेंगे।
7 साल में पांचवें प्रधानमंत्री का इस्तीफा
कीर स्टार्मर पिछले 7 साल में कार्यकाल पूरा होने से पहले इस्तीफा देने वाले पांचवें ब्रिटिश प्रधानमंत्री बन गए हैं। इससे पहले थेरेसा मे, बोरिस जॉनसन, लिज ट्रस और ऋषि सुनक इस्तीफा दे चुके हैं।स्टार्मर ने कहा कि वे 17 जुलाई तक ब्रिटेन को नया प्रधानमंत्री देने की प्रक्रिया पूरी कर देंगे। उन्होंने ब्रिटेन के राजा चार्ल्स III को भी अपने फैसले की जानकारी दे दी है। लेबर पार्टी 9 जुलाई से नामांकन प्रक्रिया शुरू करेगी और 17 जुलाई से पहले नया नेता चुनने की कोशिश करेगी। नए नेता के चुने जाने तक स्टार्मर कार्यवाहक प्रधानमंत्री बने रहेंगे।
एंडी बर्नहैम सबसे आगे
एंडी बर्नहैम नए नेता और प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में सबसे आगे हैं। हाल ही में मेकरफील्ड उपचुनाव जीतकर वापसी करने वाले बर्नहैम को पार्टी के बड़े वर्ग का समर्थन हासिल है। वे लेफ्ट और सेंट्रिस्ट दोनों गुटों में स्वीकार्य माने जाते हैं। एंजेला रेनर, यवेट कूपर और वेस स्ट्रीटिंग जैसे अन्य नेता भी दौड़ में हो सकते हैं, लेकिन फिलहाल बर्नहैम की स्थिति सबसे मजबूत बताई जा रही है।
इस्तीफे की वजह
2024 में बड़ी जीत के बावजूद स्टार्मर की लोकप्रियता लगातार घटी। नीतिगत फैसलों, जीवन स्तर सुधारने के वादों को पूरा न कर पाने और पार्टी के अंदर बढ़ते विरोध के चलते उनका नेतृत्व कमजोर पड़ गया।ब्रिटेन में प्रधानमंत्री बदलने की प्रक्रिया आसान है क्योंकि वहां जनता सीधे प्रधानमंत्री नहीं चुनती। जिस पार्टी के पास संसद में बहुमत होता है, उसी पार्टी का नेता प्रधानमंत्री बनता है। अगर सांसदों का समर्थन कम हो जाए तो नेता को इस्तीफा देना पड़ जाता है।
यह इस्तीफा ब्रिटेन की राजनीति में अस्थिरता को और बढ़ा सकता है। अब देखना होगा कि नया नेता ब्रिटेन को कितनी स्थिरता दे पाता है।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने दिया इस्तीफा










