नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें वे एक युवक को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) ने रविवार को यह वीडियो X पर शेयर करते हुए आरोप लगाया कि तिलक नगर में सड़क निर्माण में हुए कथित भ्रष्टाचार को लेकर सवाल पूछने पर मंत्री ने युवक पर हमला किया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि बहस के दौरान प्रवेश वर्मा वहां खड़े एक युवक को थप्पड़ मार देते हैं। इसके बाद उनके गार्ड और साथियों ने युवक को दूर हटा दिया।
पीड़ित युवक का आरोप
पीड़ित युवक का आरोप है कि पुलिस के सामने उसे पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। युवक की मांग है कि मंत्री को लिखित माफी मांगनी चाहिए और भाजपा को उन्हें सस्पेंड करना चाहिए।
प्रवेश वर्मा का पक्ष
विवाद के बाद प्रवेश वर्मा ने अपना पक्ष रखते हुए एक वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा कि जरनैल सिंह रात में बनी सड़क सुबह उखाड़ रहे थे। उन्होंने कमीशन मांगा था, नहीं मिलने पर विवाद खड़ा कर दिया।
वर्मा ने कहा, ‘जरनैल के साथियों ने मेरे परिवार को गाली दी। ऐसी हालत में कोई भी आम आदमी जो करता, वही मैंने किया।’
उन्होंने आगे बताया कि विकासपुरी रिंग रोड पर सड़क बनाने का काम चल रहा था। स्थानीय विधायक जरनैल सिंह कई दिनों से इंजीनियरों से कॉन्ट्रैक्टर से मिलवाने और कमीशन की मांग कर रहे थे। इंजीनियरों ने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है।
वर्मा के मुताबिक, जब वे मौके पर पहुंचे तो जरनैल सिंह अपने कार्यकर्ताओं के साथ आए और बदतमीजी शुरू कर दी। जब उनके एक कार्यकर्ता ने परिवार को गाली दी तो उन्होंने गुस्से में प्रतिक्रिया दी।
विधायक से हुई बहस का वीडियो भी आया
तिलक नगर की घटना का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें प्रवेश वर्मा और विधायक जरनैल सिंह के बीच बहस दिख रही है। जरनैल तारकोल की सड़क के टुकड़े दिखाते हुए कहते हैं कि बनी सड़क उखाड़कर दिखाई जा रही है। प्रवेश जवाब देते हैं कि 15 साल में आप नहीं बना पाए। बहस के बाद वर्मा वहां से जाते हैं और वीडियो बना रहे युवक को थप्पड़ मार देते हैं।
प्रवेश वर्मा से जुड़े पुराने विवाद
प्रवेश वर्मा विवादों में पहले भी आ चुके हैं:
2020 में शाहीन बाग प्रदर्शनकारियों पर विवादित बयान के कारण चुनाव आयोग ने उन्हें प्रचार से प्रतिबंधित किया था।
उसी साल केजरीवाल को आतंकवादी कहने पर भी कार्रवाई हुई थी।
2022 में यमुना में केमिकल डालने को लेकर अधिकारी से तीखी बहस का वीडियो वायरल हुआ था।
2024 में महिलाओं को पैसे देने के आरोप लगे थे, जिन्हें उन्होंने मदद का कार्यक्रम बताया।
2025 में वाल्मीकि मंदिर में सफाई कर्मचारियों को जूते देने के वीडियो पर भी विवाद हुआ था।











